डाफी टोल प्लाजा ने फंसाया, अब रिंग रोड से वाराणसी होते हुए राजातालाब हाईवे पर जाएगा महाट्रक
ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से 200 टन वजनी शुगर मिल वेसल ले जा रहा 308 पहियों वाला विशालकाय ट्रक डाफी ...और पढ़ें

डाफी टोल प्लाजा ने फंसाया, अब वाराणसी रिंग रोड से राजातालाब हाईवे तक जाएगा महाट्रक।
HighLights
200 टन वजनी शुगर मिल वेसल ले जा रहा 308 पहियों वाला महाट्रक।
डाफी टोल प्लाजा और पुलों के कारण वाराणसी रिंग रोड से नया मार्ग।
महाट्रक देखने उमड़ी भीड़, सुरक्षा जोखिम के बावजूद पुलिस निष्क्रिय।
जागरण संवाददाता, सैयदराजा (चंदौली)। ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से उत्तर प्रदेश (बलरामपुर/लखीमपुर खीरी) की चीनी मिल के लिए 200 टन वजनी शुगर मिल वेसल (वैक्यूम ब्यालर) लेकर जा रहा 308 पहियों वाला विशालकाय मल्टी-एक्सल ट्रेलर ट्रक ने प्रशासन के साथ ही साथ आम जन में हलचल मचा दी है।
डाफी में टोल प्लाजा सहित अन्य निर्माणाधीन पुलों के चलते अब इसे रिंग रोड से वाराणसी होते हुए राजातालाब में हाईवे पर उतारा जाएगा। रेवसा में रिंग रोड पर च़ढ़ाने के लिए तैयारी चल रही है। शाम तक यहां से ट्रक आगे बढ़ सकेगा।
इस भारी-भरकम मशीन का वजन करीब 200 टन है, जिसे बेल्जियम से समुद्री मार्ग द्वारा ओडिशा लाया गया था। भारी वजन को सड़क पर संतुलित करने के लिए इसमें कुल 308 पहिए (टायर) लगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि अत्यधिक वजन के कारण यह महाट्रक रोजाना केवल 10 से 12 किलोमीटर की ही दूरी तय कर पा रहा है।
जिले में बने फुट ओवरब्रिज को हटाने या पार करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। इसे देखने के लिए रास्तों में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ रही है। सर्विस रोड पर पुलिस की वैन मौजूद होने के बावजूद उत्साहित युवकों को हाईवे पर जाने से रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई होती नहीं दिखी।
पुलिसकर्मी वैन में बैठे रहे और लोग भारी मालवाहक के आसपास घूमते रहे। जबकि इतने बड़े आकार के वाहन को निकालने के लिए पुलिस, एनएचएआई और अन्य विभागों की टीम पहले से रूट का निरीक्षण कर रही है। कटसीला सहित अन्य स्थानों पर फुटओवर ब्रिज खोलकर महाट्रक को आगे बढ़ाया गया।
एक चूक पड़ सकती है भारी
करीब 100 फीट लंबे और 308 पहियों वाले इस मालवाहक वाहन को बेहद धीमी गति से आगे बढ़ाया जा रहा है। वाहन के आगे पायलट वाहन और विशेषज्ञों की टीम भी चल रही है। ऐसे में सड़क पर अचानक कोई व्यक्ति सामने आ जाए तो उसे संभालने के लिए चालक के पास पर्याप्त समय मिलना मुश्किल हो सकता है। हाईवे पर खड़े होकर वीडियो बनाने और सेल्फी लेने वालों की एक छोटी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
