छठ पर नगर में उमड़ी भीड़, हर जगह लगा रहा जाम
छठ पर्व के चलते शनिवार को मिनी महानगर जाम के झाम से बिलबिलाता रहा। स्थिति यह थी कि जीटीआर ब्रिज पर कई वाहन घंटों जाम की चपेट में फंसे रहे। पुलिस व प्रशासन को जाम हटवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि चकिया तिराहे पर वाहनों को रोक दिए जाने से लोगों को कुछ राहत मिली लेकिन शाम को अर्घ्य देने के बाद जाम ने लोगों को परेशान कर दिया।
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली) : छठ पर्व के चलते शनिवार को मिनी महानगर जाम के झाम से बिलबिलाता रहा। स्थिति यह थी कि जीटीआर ब्रिज पर वाहन घंटों जाम में फंसे रहे। पुलिस व प्रशासन को जाम हटवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि चकिया तिराहे पर वाहनों को रोक दिए जाने से लोगों को कुछ राहत मिली लेकिन शाम को अर्घ्य देने के बाद जाम ने लोगों को परेशान कर दिया।
दोपहर बाद से ही तालाबों और सरोवरों की तरफ जाने वाले रास्तों पर व्रती महिलाओं व उनके परिवारीजनों का हुजूम उमड़ पड़ा। आलम यह रहा कि जहां कुछ पैदल ही घाट तक जा रहे थे वहीं बहुतेरे लोग वाहनों से भी वहां पहुंच रहे थे। ऐसे में शाम होते होते स्थिति भयावह होती गई और चकिया चौराहा से लेकर समूचा नगर जाम की चपेट में आ गया। सब्जी मंडी की तरफ से मानसरोवर तालाब की तरफ जाने वाले यातायात पर रोक लगा दी गई। वहीं चंधासी कोयला मंडी के पूर्वी छोर पर स्थित दामोदरदास पोखरा के समीप बने पुलिस बूथ पर भी भारी संख्या में पुलिस कर्मी तैनात किए गए थे। यहां पुलिस कर्मी वाराणसी की तरफ से आने-जाने वाले वाहनों को कंट्रोल कर रहे थे। अर्घ्य देकर लौटते समय जीटीआर ब्रिज एकदम से जाम हो गया। एक घंटे के कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह जाम छूट सका।