बस्ती में पहुंचा मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत
जासं, चकिया (चंदौली) : स्थानीय वन रेंज के सपई गांव की घनी बस्ती में गुरुवार की अलसुबह मगरमच्छ दिखने
जासं, चकिया (चंदौली) : स्थानीय वन रेंज के सपई गांव की घनी बस्ती में गुरुवार की अलसुबह मगरमच्छ दिखने से हड़कंप मच गया। वन विभाग की पहुंची टीम ने ग्रामीणों की मदद से जाल लगाकर मगरमच्छ को कब्जे में ले लिया। रेंज कार्यालय में लाने के बाद वन विभाग की टीम ने चंदप्रभा बांध में छोड़ दिया।
केराडीह ग्राम पंचायत के सपई गांव निवासी होरी के घर के पास अलसुबह विशालकाय मगरमच्छ देखे जाने से बस्ती के लोग सकते में आ गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई। गांव के लोग लाठी-डंडे से लैस होकर मौके पर पहुंच गए, पर नजदीक जाकर जाल लगाकर पकड़ने की हिम्मत नहीं जुटा सके। गांव निवासी वनकर्मी अरुण ने विभागीय अधिकारियों को जानकारी दी। वन क्षेत्राधिकारी एबी सिंह के निर्देश पर वन विभाग की टीम जाल व अन्य उपकरण लेकर गांव में पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से कुछ ही देर में मगरमच्छ को वनकर्मियों ने सफलता हासिल कर ली। वन क्षेत्राधिकारी चंद्रप्रभा बृजेंद्र पांडेय ने बताया पकड़ा गया मगरमच्छ आठ फीट लंबा है, उम्र लगभग पांच वर्ष है। आशंका है कि समीपवर्ती कर्मनाशा नदी से निकलकर मगरमच्छ बस्ती में पहुंच गया था।