किसानों के उत्पीड़न के विरोध में कांग्रेसियों ने दिया धरना
गन्ना किसानों के बकाए के भुगतान और पराली जलाने पर मुकदमा दर्ज कराए जाने के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को मुख्यालय स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी पार्क में धरना दिया।
जागरण संवाददाता, चंदौली : गन्ना किसानों के बकाए भुगतान और पराली जलाने पर मुकदमा दर्ज कराने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को मुख्यालय स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी पार्क में धरना दिया। केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों के विरोध में नारेबाजी की। अंत में तहसीलदार फूलचंद यादव को पत्रक सौंपकर किसानों का उत्पीड़न बंद न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।
वक्ताओं ने कहा पर्यावरण प्रदूषण के नाम पर किसानों को पराली जलाने से रोका जा रहा है। पराली जलाने को लेकर सरकार किसानों को परेशान कर रही है। पराली जलाने पर किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा रहा। साथ ही जुर्माना भी लगाया जा रहा। सरकार का यह रवैया कदापि उचित नहीं है। पर्यावरण प्रदूषण पर रोक के लिए कदम उठाया जाना चाहिए। लेकिन किसानों के उत्पीड़न के दम पर कदापि नहीं। चेताया किसानों का उत्पीड़न नहीं बंद हुआ तो आंदोलन के लिए विवश होंगे। जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी, अशोक यादव, डा. नारायणमूर्ति ओझा, गंगा राम, मधुराय, रामजी गुप्ता, सतीश बिद, फरीद खां, शशिनाथ उपाध्याय उपस्थित थे। संचालन अरुण द्विवेदी ने किया।