डीजल-पेट्रोल मूल्य वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिया धरना
डीजल-पेट्रोल के मूल्य में बढ़ोत्तरी होने से आक्रोशित शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को प्रदेशव्यापी कार्यक्रम के तहत शास्त्री पार्क में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मोदी-योगी मुर्दाबाद के नारे लगाए और बढ़े दाम वापस करने की मांग की।
जासं, पीडीडीयू नगर (चंदौली) : डीजल-पेट्रोल के मूल्य में बढ़ोत्तरी होने से आक्रोशित शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को प्रदेशव्यापी कार्यक्रम के तहत शास्त्री पार्क में प्रदर्शन किया। मोदी-योगी के खिलाफ नारे लगाए और बढ़े दाम वापस करने की मांग की।
निवर्तमान शहर अध्यक्ष रामजी गुप्ता ने कहा अच्छे दिन का सब्जबाग दिखाकर केंद्र सरकार ने जनता की कमर तोड़ दी है। डीजल-पेट्रोल का मूल्य बढ़ाकर मोदी सरकार जनता को मीठा जहर दे रही है। पूरा देश आर्थिक मंदी से कराह रहा है। रुपया डालर के मुकाबले तेजी से गिरता जा रहा है। महंगाई और अपराध चरम पर है। हर मोर्चे पर विफल सरकार जब अपनी विफलताओं पर घिर जाती है तब जनता को धार्मिक भावनाओं में उलझा देती है। चुनाव से पहले राबर्ट वाड्रा को कई जांचों से गुजरना पड़ा। यह जनता का ध्यान भंग करने के लिए किया गया। आज जब सुप्रीम कोर्ट ने क्लीन चीट दिया तो भाजपा सरकार की कलई खुल गई। कहा जब पूरी दुनिया आर्थिक मंदी झेल रही थी तब यूपीए सरकार में मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे तो भारत पर असर नहीं पड़ा। आज रेल, बीएसएनएल, 41 ओर्डिंनेंस फैक्ट्री सहित कंपनियों का निजीकरण किया जा चुका है। प्रदर्शन करने वालों में बृजेश गुप्ता, दयाराम पटेल, शाहिद तौसिफ, नंदगोपाल सिंह, विजय गुप्ता, सतपाल सिंह, नेहाल अख्तर, दशरथ चौहान, कमरुल बारी, अनवर, राजेश गुप्ता, संजय जायसवाल, रंजीत जायसवाल, धर्मवीर, संतोष कुमार, रमेश राम, शिवपूजन, सोनू शर्मा आदि शामिल थे।