विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में 3.92 करोड़ के सोने के बिस्किट के साथ दो गिरफ्तार, गियर बॉक्स में छिपाकर दिल्ली ले जा रहे थे तस्कर

Published: Wed, 09 Sep 2026 09:26 AM (IST)

चंदौली पुलिस और स्वाट/एसओजी टीम ने नवही पुलिया हाईवे पर एक किआ कैरेंस कार से लगभग 3.92 करोड़ रुपये का सोना बरामद किया।

3.92 करोड़ की सोने की बिस्किट के साथ दो गिरफ्तार।

3.92 करोड़ की सोने की बिस्किट के साथ दो गिरफ्तार।

HighLights

  1. चंदौली पुलिस ने 3.92 करोड़ रुपये का सोना बरामद किया।

  2. किआ कैरेंस कार से दो किलो 565 ग्राम सोना मिला।

  3. जुबेर मुबारक शेख और मनीष कुमार नामक दो आरोपी गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, चंदौली। कोतवाली पुलिस और स्वाट/एसओजी टीम ने बुधवार तड़के नवही पुलिया हाईवे पर किआ कैरेंस कार से लगभग 3.92 करोड़ रुपये कीमत का सोना बरामद किया।

पुलिस ने कार सवार जुबेर मुबारक शेख, अहिल्या नगर, थाना शांगली, जिला शांगली, महाराष्ट्र और मनीष कुमार, लाजपत नगर, जिला फतेहाबाद, हरियाणा को गिरफ्तार किया।

गियर बाक्स के नीचे बनाए गए विशेष बॉक्स में कपड़े के बेल्ट में लपेटकर दो सिल्लियों में सोना छिपाया गया था। बरामद सोने का वजन दो किलो 565.720 ग्राम है। इसके साथ पांच मोबाइल फोन और कार भी बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार, स्वाट/एसओजी टीम को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की किआ कैरेंस कार संख्या एचआर22डब्ल्यू2830 से दो लोग बिहार की ओर से सोना लेकर दिल्ली जा रहे हैं। सूचना पर थाना चंदौली पुलिस और स्वाट/एसओजी टीम ने नवही पुलिया हाईवे पर वाहनों की जांच शुरू की।

संबंधित कार को रोकने का संकेत देने पर चालक ने उसे किनारे से निकालकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने वाहनों की मदद से कार को रोक लिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि कार के गियर बॉक्स के नीचे विशेष बाक्स बनाकर सोना छिपाया गया है।

पकड़े जाने के डर से ही वाहन भगाने का प्रयास किया था। उनकी निशानदेही पर बॉक्स खोलकर जांच की गई तो कपड़े के लंबे बेल्ट में भूरे रंग के सेलो टेप से लिपटी दो सिल्लियां मिलीं। दोनों ने इन सिल्लियों को सोना बताया। इसके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

सूचना पर आयकर विभाग और राजस्व आसूचना विभाग के अधिकारी सरकारी मूल्यांकनकर्ता के साथ मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में सोने का वजन कराया गया, जो दो किलो 565.720 ग्राम निकला। मूल्यांकनकर्ता ने इसका अनुमानित मूल्य 3.92 करोड़ रुपये बताया।

आयकर विभाग ने प्रारंभिक जांच में सोने को विदेश निर्मित बताया। बरामद सोना नियमानुसार राजस्व आसूचना विभाग को सौंप दिया गया। आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम में यह रहे शामिल

टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वर पांडेय, एसओजी प्रभारी निरीक्षक राम जन्म यादव, उपनिरीक्षक कन्हैया लाल मौर्य, मुख्य आरक्षी राणा प्रताप सिंह, अरविंद भारद्वाज, रामानंद यादव, आशुतोष सिंह, सतीश सिंह, अमित सिंह, महेश कुमार, अभिषेक तिवारी और अरुण मिश्रा थे।

यह भी पढ़ें- दूसरे राज्यों में बैंक-सोना लूट, बिहार में ठिकाना; 113 अपराधी गिरफ्तार, 8.84 किलो सोना बरामद