विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंदौली में हाई टेंशन तार की चपेट में आया कंटेनर, खलासी की करंट लगने से मौत; 11 मजदूर घायल

Published: Fri, 26 Jun 2026 04:55 PM (IST)

चंदौली के नौगढ़-सोनभद्र मार्ग पर हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक कंटेनर के खलासी की मौत हो गई।

नौगढ़ सोनभद्र मुख्य मार्ग पर घटनास्थल के पास लगी भीड़ और खड़ी कंटेनर

नौगढ़ सोनभद्र मुख्य मार्ग पर घटनास्थल के पास लगी भीड़ और खड़ी कंटेनर

HighLights

  1. नौगढ़-सोनभद्र मार्ग पर कंटेनर हाईटेंशन तार से टकराया।

  2. हादसे में कंटेनर के खलासी की मौके पर मौत।

  3. ग्यारह मजदूर घायल, सोनभद्र अस्पताल में भर्ती।

जागरण संवाददाता, चंदौली। नौगढ़-सोनभद्र मुख्य मार्ग पर हाईटेंशन करंट की चपेट में आने से कंटेनर के खलासी की मौत हो गई जबकि झटका लगते ही चालक सहित 11 मजदूरों ने जान बचाई। चोट लगने से घायल श्रमिकों को सोनभद्र के जिला अस्पताल में इलाज कराया गया। जानकारी होते ही मौके पर पहुंची पुलिस कंटेनर को थाने ले आई।

कंटेनर ट्रक नौगढ़ सोनभद्र मार्ग से रामगढ़ की ओर धान की भूसी लादने के लिए जा रहा था। वह जैसे ही नौगढ़- सोनभद्र मुख्य मार्ग पर विशेषरपुर गांव के पास पहुंचा कि पुलिया ऊंची होेने के कारण सड़क के ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन तार से कंटेनर संपर्क में आ गया।

पुलिस घटना की जांच में जुटी

झटका महसूस होते ही चालक-खलासी और मजदूर कूद गए। इस बीच सोनभद्र के अमड़ा गांव निवासी खलासी अशोक कुमार का चप्पल केबिन में छूट गया। वह पुन: चप्पल लेने के लिए केबिन में चढ़ने लगा कि करंट की चपेट में आ गया।

गांव के लोगों की सूचना पर आपूर्ति बंद करने के बाद उसे निकाला गया। स्थानीय लोग उसे जिला अस्पताल सोनभद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल हिनौता एवं आमडीह सोनभद्र निवासी बृजेश, धतूरा, सद्दाम, महेंद्र , बिंदु, नंदलाल जगदीश, दिनेश, महेश, अनिल और राहुल का उपचार चल रहा है।

थानाध्यक्ष प्रमोद यादव ने बताया कि कंटेनर को जब्त कर लिया गया है। उप खंड अधिकारी विद्युत दिनेश सिंह ने बताया कि कंटेनर की बाडी अधिक ऊंची होने के कारण हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है तथा हादसे के सभी पहलुओं को देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें- बनारस और चंदौली का इनामी सहारनपुर में पुल‍िस मुठभेड़ में हुआ ढेर, आरोपों की फेहर‍िश्‍त काफी लंबी