चंदौली में बीमार पत्नी को अस्पताल ले जाना था, नहीं मिला अवकाश तो विवाद के बाद अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित
चंदौली के धानापुर थाने में तैनात आरक्षी चंदन सिंह को बीमार पत्नी के इलाज के लिए छुट्टी न मिलने पर ...और पढ़ें

बीमार पत्नी के लिए छुट्टी मांगी, नहीं मिली तो विवाद के बाद निलंबित हुआ चंदौली का आरक्षी।
HighLights
आरक्षी चंदन सिंह को अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित किया गया।
बीमार पत्नी के उपचार हेतु अवकाश न मिलने पर विवाद हुआ था।
क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा को मामले की जांच सौंपी गई।
जागरण संवाददाता, धानापुर (चंदौली)। धानापुर थाने पर तैनात आरक्षी चंदन सिंह के निलंबन के मामले में क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा को जांच सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार अनुशासनहीनता किए जाने पर कार्रवाई की गई है। आरक्षी चंदन सिंह की पत्नी का उपचार वाराणसी स्थित सर सुंदरलाल चिकित्सालय में चल रहा है।
पत्नी को चिकित्सक को दिखाने के लिए उन्होंने अवकाश का अनुरोध किया था। पुलिस की ओर से बताया गया कि भदाहू चौकी पर तैनात तीन पुलिसकर्मी पहले से अवकाश अथवा स्थानांतरण पर हैं। ऐसे में आरक्षी को तत्काल अवकाश नहीं लेने के लिए कहा गया था। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान आरक्षी द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने और अनुशासनहीनता की रिपोर्ट थाना स्तर से भेजी गई।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने आरक्षी को निलंबित करते हुए पुलिस लाइन से संबद्ध कर दिया। पुलिस का कहना है कि अगस्त माह में भी आरक्षी को उनकी मांग के अनुसार 13 दिन का अवकाश दिया गया था। आपात स्थिति में फोन पर अनुमति लेकर भी अवकाश दिए जाने की व्यवस्था है। इसके बाद भी इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रचलित किया गया है।
