चकिया विधायक का रिपोर्ट कार्ड : ठिठक गई विकास की गाड़ी, जनता की उम्मीदाें पर फिरा पानी
चकिया विधानसभा क्षेत्र में विधायक के साढ़े चार साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जारी हुआ है, जिसमें विकास कार्यों ...और पढ़ें

चकिया विधायक के कार्यकाल में विकास की धीमी रफ्तार, जनता की उम्मीदें अधूरी।
HighLights
चकिया में विकास कार्य ठिठके, जनता की उम्मीदें अधूरी रहीं।
बुनियादी सुविधाओं जैसे सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा में कमी।
विधायक निधि से हुए कार्य, पर अपेक्षित सुधार नहीं।
जागरण संवाददाता, चंदौली। सुरक्षित विधानसभा चकिया क्षेत्र। अति पिछड़ा क्षेत्र होने के कारण यहां के लोग सदियों से विकास की बाट जोह रहे हैं और अब भी उनका इंतजार खत्म नहीं हो सका है। वक्त के थपेड़ों ने उनकी समस्याओं को अजगर-सा बना दिया, जिसने पहले से उपलब्ध सुविधाओं को भी निगल लिया। इलाके में जो सोलर लाइट लगी हैं वे भी अब बेनूर हो चुकी है।
जनता को उम्मीद थी कि इलाके में विकास कार्य का सूखा अब दूर होगा। विकास गंगा बहेगी और जनसुविधाएं लहलहाएंगी, लेकिन सभी के अरमानों पर पानी फिर गया। बीते साढ़े चार सालों में न तो जर्जर सड़कें दुरुस्त हुईं और न ही पेयजल, सिंचाई से जुड़ी योजनाएं आकार लीं। जनकल्याणकारी योजनाएं भी हर जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच सकीं।
हालांकि विधायक निधि और पूर्वांचल विकास निधि से विकास कार्य तो कराए गए लेकिन वह भी ऊंट के मुंह में जीरा सरीखे रहा। शहरी और ग्रामीण सड़कें अभी भी बदहाल हैं। चकिया से लेवा तक की सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। पर्यटन की दृष्टि से यह क्षेत्र सबसे मजबूत रहा है लेकिन पर्यटकों के लिए बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं से जनता परेशान है। विधायक की ओर से निधि के माध्यम से इंटरलाकिंग, प्रकाश एवं पेयजल व्यवस्था पर बजट खर्च किया गया है।
विधायक निधि की स्थिति
वित्तीय वर्ष 2022-23
अनुशंसित कार्य : 51
स्वीकृत कार्य : 51
स्वीकृत धनराशि : 502.92 लाख रुपये (5.03 करोड़)
व्यय धनराशि : 502.92 लाख रुपये
प्रमुख कार्य : 22 सीसी रोड, सात अन्य कार्य, छह इंटरलाकिंग रोड, पांच विद्युत कार्य, तीन भवन निर्माण, दो सोलर लाइट, दो सार्वजनिक शौचालय।
------
वित्तीय वर्ष - 2023-24
अनुशंसित कार्य : 58
स्वीकृत कार्य : 47
स्वीकृत धनराशि : 491.81 लाख रुपये (4.92 करोड़)
व्यय धनराशि : 524.10 लाख रुपये
कार्य पूर्ण : 34
प्रमुख कार्य : 31 सीसी रोड, छह अन्य कार्य, तीन इंटरलाकिंग रोड, तीन विद्युत कार्य, एक सीवर कार्य, एक भवन निर्माण।
----
वित्तीय वर्ष -2025-26
अनुशंसित कार्य : 83
स्वीकृत कार्य : 61
स्वीकृत धनराशि : 642.75 लाख रुपये (6.43 करोड़)
व्यय धनराशि : 501.02 लाख रुपये
कार्य पूर्ण : 24
प्रमुख कार्य : 39 सीसी रोड, 12 अन्य कार्य, पांच नाला/नाली, पांच विद्युत कार्य, दो तालाब जीर्णोद्धार एवं निर्माण, एक सीवर कार्य, एक सार्वजनिक शौचालय, एक भवन निर्माण, एक इंटरलाकिंग रोड
----------
वित्तीय वर्ष- 2026-27
अनुशंसित कार्य : 55
स्वीकृत कार्य : 14
आवंटित धनराशि : 2.00 करोड़ रुपये
स्वीकृत धनराशि : 129.32 लाख रुपये (1.29 करोड़)
व्यय धनराशि : 82.26 लाख रुपये
प्रमुख कार्य : 36 सीसी रोड, सात विद्युत कार्य, तीन अन्य कार्य, दो तालाब जीर्णोद्धार एवं निर्माण, दो पेयजल एवं स्वच्छता, एक सीवर कार्य, एक इंटरलाकिंग रोड, एक नाला/नाली, एक पुलिया/पुल निर्माण।
----------
बोले विधायक
गांव का विकास, देश के विकास की थीम को लेकर विधायक निधि का धन खर्च किया। चुनाव के दौरान मैंने कोई वादा नहीं किया था, हां यह जरूर रहा कि सबका साथ सबका विकास के साथ समाज के सभी वर्गों के लिए काम किया। खेती किसानी पर निर्भर विधानसभा के लिए सिंचाई की व्यवस्था सुदृढ करने का हर संभव प्रयास किया। लगभग डेढ़ करोड़ की लागत से चंद्रप्रभा बांध व लगभग पांच करोड़ से नौगढ़ मूसाखांड बांध का जीर्णोद्धार कराया गया है। पचवनिया से लेकर कांटा तक एक दर्जन पुल का निर्माण कराते हुए आवागमन सुलभ करने का प्रयास किया। चकिया नगर में रोडवेज बस स्टेशन, राजकीय संस्कृत विद्यालय का नए सिरे से निर्माण, हेतिमपुर स्थित बाबा जागेश्वर नाथ धाम और रामपुर कला स्थित मंदिर पर एक-एक करोड़ रुपए की लागत से सुंदरीकरण का कार्य किया गया। नौगढ़ में विद्युतीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया। ग्राम पंचायत में सीसी रोड ,पक्की नाली इंटरलाकिंग आदि का कार्य बेहतर ढंग से विधायक निधि से किया गया। निर्माणाधीन शहबगंज में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अमरा दक्षिणी में गढ़ई नदी पर पुल का निर्माण कराया जा रहा है। - कैलाश आचार्य, विधायक-चकिया
बोले रनर
चकिया विधानसभा में शिक्षा, स्वास्थ्य पर ध्यान नहीं दिया गया। विधायक निधि से किसी बड़ी परियोजना की आधारशिला नहीं रखी गई। चकिया के चौबीसहा में राजकीय इंटर कालेज की स्थापना किए जाने की कार्य योजना अपने कार्य काल में बनाई थी लेकिन अटकी पड़ी हुई है। अमरा दक्षिणी गांव स्थित गढ़ई नदी पर अर्ध निर्मित पुल धनाभाव के कारण आज तक पूर्ण नहीं हो सका है। नौगढ़ में पालिटेक्निक कालेज, बरवाडीह में राजकीय इंटर कालेज की स्थापना नहीं हो पाई। चकिया में बीएससी बीकाम की कक्षाएं नहीं संचालित हो सकी हैं। शहाबगंज में पालिटेक्निक कालेज बनवाया लेकिन बालिकाओं के लिए छात्रावास आज तक नहीं बन सका। हलुआ नरहन में पुल और मगरौल पुल का चौड़ीकरण जैसी परियोजना को धरातल पर लाने की जरूरत है। -जितेंद्र कुमार एडवोकेट, पूर्व विधायक (रनर)
जनता की प्रतिक्रिया
पिछले साढ़े चार वर्षों में नगर समेत ग्रामीण क्षेत्र का अपेक्षित विकास हुआ है। नगर में बेहतर पेयजल के लिए एक करोड़ स्वीकृत होने के साथ ही बच्चों के खेलकूद ,पार्किंग, सीवर लाइन आदि विकास कार्य विधायक के प्रयास का ही देन है। अभी और कई विकास कार्य कराने की जरूरत है। -सावन मध्देशिया, युवा व्यापारी नगर पंचायत चकिया
विधायक की ओर से काम तो कराए गए हैं लेकिन जो उम्मीद थी वह पूरा नहीं हो सका है। चकिया में बीएससी, बीकाम सहित उच्च स्तरीय व्यावसायिक शिक्षा को स्थापित नहीं कर पाए। -राकेश सिंह, समाजसेवी -भरुहिया
विधायक ने निष्पक्ष रहकर विकास कार्य को लेकर सजग रहे लेकिन पिछड़ा क्षेत्र होने के कारण जिस तरह से काम होने चाहिए, नहीं हो सके हैं। चकिया जिला संयुक्त चिकित्सालय में चिकित्सकों सहित कर्मचारियों की कमी सहित कुछ कार्य अभी तक नहीं हो सके हैं। सड़कों की स्थिति भी ठीक नहीं है। -ओमप्रकाश भारती, शिक्षक गनेशपुर
किसानों के लिए लगातार संघर्षरत हैं। चंद्रप्रभा व मुसाखांड बांध मरम्मत का प्रोजेक्ट हो अथवा किसानों की अन्य समस्या उसका निदान प्रमुखता के तौर कराए लेकिन बुनियादी सुविधाएं अभी भी जनता को नहीं मिल पा रही है। अति पिछड़ा क्षेत्र होने के कारण गांव की सड़के बदहाल हैं। -
विवेक त्रिपाठी,किसान गौड़िहार
---------------
चकिया विधानसभा
कुल मतदाता- 3,28, 761
पुरुष मतदाता- 178962
महिला मतदाता- 149798
अन्य मतदाता- 01
---------
