पीडीडीयू जंक्शन पर संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस के जनरल कोच से 43 लाख रुपये नकद बरामद
पीडीडीयू जंक्शन पर संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस के जनरल कोच से जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने 43 लाख रुपये ...और पढ़ें
HighLights
पीडीडीयू जंक्शन पर 43 लाख रुपये नकद बरामद हुए।
संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस के जनरल कोच से नकदी मिली।
संदिग्ध युवक आयकर विभाग को सौंपा गया।
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर बुधवार की रात जीआरपी व आरपीएफ की संयुक्त टीम ने संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस के जनरल कोच से 43 लाख रुपये नकद बरामद किए। चेकिंग के दौरान संदिग्ध युवक के बैग से भारी मात्रा में नकदी मिलने पर पुलिस ने उससे रकम के संबंध में पूछताछ की। युवक रकम के स्रोत के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और न ही नकदी से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत कर पाया।
पुलिस ने आयकर विभाग, वाराणसी को सूचना दी। मौके पर पहुंची आयकर विभाग की टीम को युवक व बरामद नकदी आवश्यक कार्रवाई के लिए सौंप दी गई। जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया व ट्रेनों में अपराध नियंत्रण एवं संदिग्धों की निगरानी के लिए अभियान चलाया जा रहा था।इसी क्रम में बुधवार की रात करीब 10:28 बजे ट्रेन संख्या 12393 संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस डीडीयू जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर पहुंची।
संयुक्त टीम ने ट्रेन के जनरल कोच में जांच शुरू की। इस दौरान एक युवक पर संदेह होने पर उसके पास मौजूद काले रंग के बैग की तलाशी ली गई। तलाशी में बैग के अंदर रखे पीठू बैग से कुल 43 लाख रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में युवक ने अपना नाम आलोक कुमार साह पुत्र वकील साह, निवासी मकेरदेपुर, थाना गायघाट, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार बताया। उसकी उम्र 23 वर्ष बताई गई।
पुलिस ने उससे इतनी बड़ी रकम साथ रखने का कारण पूछा, लेकिन वह संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका। रकम से संबंधित कागजात मांगे जाने पर भी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। भारी मात्रा में नकदी बरामद होने के बाद पुलिस ने आयकर विभाग वाराणसी को मामले की सूचना दी। सूचना पर विभाग की टीम जीआरपी थाना पीडीडीयू पहुंची।
इसके बाद पुलिस ने पकड़े गए युवक आलोक कुमार साह तथा बरामद 43 लाख रुपये को आयकर विभाग की टीम को आवश्यक कार्रवाई के लिए सौंप दिया। कार्रवाई में शामिल टीम संयुक्त टीम में जीआरपी थाना पीडीडीयू के उपनिरीक्षक स्वतंत्र सिंह, उपनिरीक्षक अविनाश त्रिपाठी, आरपीएफ पोस्ट डीडीयू के उपनिरीक्षक अरविंद कुमार यादव, हेड कांस्टेबल यशवंत चौहान, रणधीर यादव, कांस्टेबल राहुल मिश्रा, दर्शन यादव तथा आरपीएफ पोस्ट के कांस्टेबल शैलेन्द्र कुमार शामिल रहे।
