राहुल के बयान पर भाजपाई मुखर, दिया धरना
जागरण संवाददाता चंदौली राफेल मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गत दिनों राहुल गांधी की ओर से की गई बयानबाजी के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को मुख्यालय स्थित संसदीय कार्यालय के बाहर धरना दिया। इस दौरान कांग्रेस की नीतियों व सिद्धांतों पर जमकर प्रहार किया। बोले सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद कांग्रेस की झूठ की राजनीति गलत साबित हुई है। केंद्र व प्रदेश सरकार के नेतृत्व में देश विकास के मार्ग पर अग्रसर है।
जासं, चंदौली : राफेल मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गत दिनों राहुल गांधी की ओर से की गई बयानबाजी के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को मुख्यालय स्थित संसदीय कार्यालय के बाहर धरना दिया। कांग्रेस की नीतियों व सिद्धांतों पर जमकर प्रहार किया। बोले, सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद कांग्रेस की झूठ की राजनीति गलत साबित हुई है। केंद्र व प्रदेश सरकार के नेतृत्व में देश विकास के मार्ग पर अग्रसर है।
किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह ने कहा लोकसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने राफेल विमान सौदे को लेकर सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। प्रधानमंत्री के खिलाफ तमाम तरह की टिप्पणियां की गई थीं। मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा। न्यायालय ने सभी पहलुओं का अवलोकन करते हुए क्लीन चिट दे दी। इससे कांग्रेस की झूठ की राजनीति उजागर हुई है। कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और उत्तर प्रदेश विकास के मार्ग पर प्रशस्त है। सरकार समाज के सभी वर्गों के विकास की दिशा में काम कर रही। जिलाध्यक्ष सर्वेश कुशवाहा ने कहा राफेल सौदे को लेकर सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका खारिज होने के बाद कांग्रेस का झूठ और जनता को गुमराह करने वाला चेहरा देश के सामने आ चुका है। कांग्रेस की राजनीति ही झूठ पर आधारित है। जनता को तरह-तरह से गुमराह करने की कोशिश करती रही है। इसके चलते लोगों ने नकार दिया। देश की जनता विकास और सुशासन चाहती है। राहुल गांधी को अपनी गलत बयानबाजी पर देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। राजेश सिंह, रमेश जायसवाल, सत्यप्रकाश गुप्ता, ओमप्रकाश सिंह, शिवराज सिंह, जीतेंद्र पांडेय, राजेश तिवारी, दिनेश तिवारी, अरूण मौर्य, हरेराम पांडेय, आशुतोष सिंह, दिव्यांशु द्विवेदी मौजूद थे। संचालन जिला महामंत्री काशीनाथ सिंह ने किया।