बाइक सवार बदमाशों ने ग्राम प्रधान को मारी गोली
बाइक सवार बदमाशों ने ग्राम प्रधान को मारी गोली गंभीर
जासं, चहनियां/टांडाकला (चंदौली) : बलुआ थाना के महरौड़ा गांव के चौराहे पर गुरुवार की रात आठ बजे बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने ग्राम प्रधान मनोज यादव (35) को गोली मार दी। गोली मारने के बाद बदमाश कैली की ओर भाग निकले। गोली की आवाज सुनते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए, सूचना पर पहुंची पुलिस घायल ग्राम प्रधान को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना को लेकर परिजन और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
ग्राम प्रधान देर शाम गांव के चौराहा पर लॉकडाउन को लेकर ग्रामीणों को घरों में रहने को लेकर जागरूक कर रहे थे। लोगों से घरों में रहने की अपील कर रहे थे। इसी बीच पैशन प्रो बाइक से मुंह बांधे दो बदमाश आए और ताबड़तोड़ गोलियां प्रधान पर दाग दीं। ग्राम प्रधान की पीठ में दो गोलियां लगी। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, बदमाश बाइक से कैली की ओर भाग निकले। चौराहे पर छटपटाते प्रधान को देख ग्रामीण शोर मचाने लगे। पुलिस को जानकारी होते ही थानाध्यक्ष कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गए। प्रधान को अपनी गाड़ी में बैठाकर तत्काल ट्रामा सेंटर के लिए निकल पड़े। पुलिस टीम बदमाशों को पकड़ने के लिए छानबीन में जुट गई।
ग्रामीणों के मुताबिक ग्राम प्रधान काफी मिलनसार हैं, सामाजिक कार्यों और लोगों की मदद को हमेशा प्रयासरत रहते हैं। माता मनरा देवी ने बताया कि बेटे की किसी से कोई रंजिश भी नहीं है। पत्नी ममता देवी, बेटी प्रतीक्षा, दीक्षा व शुभम समेत परिवार में दहशत का माहौल है।