स्नान कर रहा किशोर गंगा में डूबा, मौत
बलुआ गंगा घाट पर शुक्रवार को स्नान के दौरान सकलडीहा के बभनपुरा (मनियारपुर) निवासी शशि राजभर की डूबने से मौत हो गई। किशोर परिवार संग मनौती पूर्ण होने पर स्नान को आया था।
जासं, चहनियां (चंदौली) : बलुआ गंगा घाट पर शुक्रवार को स्नान के दौरान सकलडीहा के बभनपुरा (मनियारपुर) निवासी शशि राजभर की डूबने से मौत हो गई। किशोर परिवार संग मनौती पूर्ण होने पर स्नान को आया था। करीब दो घंटे तक गोताखोरों ने तलाश की तो वह तलहटी में कीचड़ में फंसा मिला। शव को देखते ही परिवार पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा। घाट पर उमड़ी भी परिजनों की हालत देख गमगीन हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
प्रबोधनी एकादशी के मौके पर अनोखे राजभर व उनकी पत्नी शैला देवी, बेटा शशि, विक्की व रवि मन्नत पूर्ण होने पर मां गंगा को साड़ी चढ़ाने के लिए बलुआ घाट आए थे। माता-पिता के साथ शशि भी गंगा में स्नान करने लगा। परिजन व अन्य बच्चे स्नान करके बाहर निकल गए लेकिन शशि को नहाता देख परिजन उसे बाहर निकलने को कहने लगे। कुछ देर और नहाने की बात कहकर उसने डुबकी लगाई और बाहर नहीं आया। काफी देर उसके बाहर न आने पर परिवार के लोग चिल्लाने लगे। शोर सुनते ही घाट पर तैनात गोताखोर पानी में कूद पड़े। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। करीब दो घंटे खोजबीन के बाद उसका शव बरामद हुआ। पुलिस किशोर को लेकर स्थानीय पीएचसी पहुंची लेकिन चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। शव देखते ही परिजन उससे लिपटकर दहाड़ें मारकर रोने लगे। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था। जानकारी पाकर मनियारपुर से परिवार के अन्य सदस्य भी पहुंच गए। घाट का माहौल गम में बदल गया।