विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंदौली में जल्द बनेगा हाइटेक पार्क और उत्सव भवन, लोगों को मिलेंगी कई बेहतर सुविधाएं

Published: Fri, 21 Aug 2026 03:14 PM (IST)

चंदौली के बहादुरपुर में खलिहान की भूमि पर 2.40 करोड़ रुपये की लागत से उत्सव भवन, आधुनिक पार्क और खेल मैदान बनाया जाएगा।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

HighLights

  1. खलिहान भूमि पर 2.40 करोड़ रुपये की लागत से विकास।

  2. उत्सव भवन, आधुनिक पार्क और खेल मैदान का निर्माण।

  3. बास्केटबॉल, बैडमिंटन कोर्ट और ओपन जिम की सुविधा।

जागरण संवाददाता, चंदौली। पूर्व में थाने के निर्माण के लिए प्रस्तावित बहादुरपुर खलिहान की भूमि अब जनहित के कार्यों में इस्तेमाल होगी। प्रशासन ने स्थल निरीक्षण के बाद यहां उत्सव भवन के साथ आधुनिक पार्क एवं खेल मैदान विकसित करने की योजना तैयार की है।

परियोजना पर करीब 2.40 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। प्रस्ताव के अनुसार करीब 25 से 26 बिस्वा यानी लगभग सवा बीघा भूमि पर उत्सव भवन का निर्माण कराया जाएगा। भवन के निर्माण पर करीब 1.40 से 1.44 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इससे स्थानीय लोगों को सामाजिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

बनाए जाएंगे बास्केटबॉल और बैडमिंटन कोर्ट

शेष भूमि पर लगभग 98 लाख रुपये की लागत से आधुनिक पार्क और खेल मैदान विकसित किया जाएगा। यहां बच्चों के लिए झूले और खेल उपकरण लगाए जाएंगे। युवाओं एवं वयस्कों के लिए ओपन जिम की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इसके अलावा बास्केटबॉल और बैडमिंटन कोर्ट बनाए जाने की योजना है।

पार्क परिसर में सुबह-शाम टहलने के लिए इंटरलॉकिंग टाइल्स से युक्त वॉकवे और रैंप बनाए जाएंगे। सुरक्षा के लिए गार्ड रूम बनाया जाएगा। परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए पौधरोपण कर फूल-पत्तियों से हराभरा वातावरण तैयार किया जाएगा।

राजस्व विभाग द्वारा खलिहान की कुल भूमि का सीमांकन कराया जा रहा है। सीमांकन के बाद शेष बची जमीन पर पार्क और खेल मैदान का दायरा निर्धारित किया जाएगा। स्थल निरीक्षण के दौरान एसडीएम राजेश कुमार वर्मा, तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव, लेखपाल सुजीत कुमार और विधायक प्रतिनिधि संजय पासवान मौजूद रहे। परियोजना पूरी होने पर क्षेत्रवासियों को सामाजिक आयोजनों के साथ खेल और मनोरंजन की बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

यह भी पढ़ें- चंदौली के कंपोजिट विद्यालय में गायब मिले शिक्षक और अनुदेशक, रोका गया वेतन