पटना रेल पुलिस जंक्शन पर कर रही लोगों को जागरूक
बिहार जाने वाले यात्रियों की सुरक्षा के लिए पटना रेल पुलिस ने पीडीडीयू जंक्शन पर डेरा डाल दिया है। टीम ने शनिवार को आरपीएफ के साथ अभियान चलाकर यात्रियों को जागरूक किया।
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर, (चंदौली) : बिहार जाने वाले यात्रियों की सुरक्षा के लिए पटना रेल पुलिस ने पीडीडीयू जंक्शन पर डेरा डाल दिया है। टीम ने शनिवार को आरपीएफ के साथ अभियान चलाकर यात्रियों को जागरूक किया। जहरखुरानों से बचने की सलाह दी साथ ही चेतावनी भी जारी की गई कि शराब पीकर या शराब के साथ बिहार राज्य में प्रवेश न करें। पकड़े गए तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
छठ पर्व के ²ष्टिगत प्रतिदिन लगभग 50 हजार लोग विभिन्न ट्रेनों के जरिए बिहार जा रहे हैं। जंक्शन पर भीड़ का दबाव बढ़ गया है। जहरखुरान गिरोह के सदस्य भी मौके की फिराक में लग गए हैं। भीड़ की आड़ में शराब की तस्करी की आशंका भी जोर पकड़ चुकी है। ऐसे में रेलवे सुरक्षा तंत्र के साथ पटना रेल पुलिस भी चौकन्ना हो गई है। जीआरपी पटना के चार दारोगा और 16 कांस्टेबलों की जंक्शन पर ड्यूटी लगा दी गई है। पांच-पांच सदस्यों की चार टीम सुबह छह से रात दस बजे तक प्लेटफार्मों पर मुस्तैदी के साथ ड्यूटी कर रही है। पहल का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को जहरखुरानों से बचाना है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी यात्री शराब संग बिहार राज्य में प्रवेश न करें। इसके लिए यात्रियों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। लाउड स्पीकर से उद्घोष करने के साथ पंपलेट भी बांटे जा रहे हैं। शनिवार को भी टीम ने बिहार को जाने वाली ट्रेनों में अभियान चलाकर यात्रियों को सतर्क किया। बताया कि यात्रा के दौरान अपरिचितों से मेल-जोल न बढ़ाएं और दूसरे द्वारा दिए गए खाद्य पदार्थों का सेवन न करें। पटना रेल पुलिस के निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि एसपी रेल अशोक कुमार के निर्देश पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। टीम 13 नवंबर तक जंक्शन पर रहेगी।