कार्यकाल बढ़ने पर ग्राम प्रधान ही बनें प्रशासक
जागरण संवाददाता चंदौली राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को
जागरण संवाददाता, चंदौली : राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी डा. एके श्रीवास्तव से मिला। प्रधानमंत्री के नाम पांच सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। ग्राम पंचायतों का कार्यकाल बढ़ाए जाने पर ग्राम प्रधानों को ही प्रशासक नियुक्त करने की मांग की। सीडीओ ने मांग को शासन तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया। ग्राम प्रधानों ने कहा, 25 दिसंबर को ग्राम पंचायतों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। इसके बाद चुनाव कराए जाएंगे। यदि ग्राम पंचायतों का कार्यकाल बढ़ाने की स्थिति हुई तो ग्राम प्रधानों को ही प्रशासक बनाया जाए। एडीओ पंचायत को प्रशासक नियुक्त किया गया तो संगठन विरोध प्रदर्शन करेगा। ग्राम पंचायतों में पूर्व में कराए गए विकास कार्यों के बकाया धनराशि का शीघ्र भुगतान किया जाए। नवसृजित ग्राम पंचायतों में 25 दिसंबर तक ग्राम पंचायतों के सभी अधिकार बहाल रखे जाएं। छोटी ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालय अथवा मिनी सचिवालय बनवाने को बाध्य न किया जाए। पंचायत सशक्तीकरण पुरस्कार के लिए विजेता ग्राम पंचायतों को शीघ्र धनराशि का भुगतान किया जाना चाहिए। चयनित ग्राम पंचायतों को माडल परफार्मेंस ग्रांट का लाभ जरूर मिले। जिलाध्यक्ष प्रभाष सिंह, विजय मिश्र, संकठा प्रसाद, अरुण कुमार, गोविद मिश्रा, श्यामबिहारी आदि मौजूद थे।