चंदौली में बारिश से बचने के बहाने दिव्यांग युवती से छेड़खानी, आरोपी गिरफ्तार
चंदौली के पीडीडीयू नगर में बारिश से बचने के बहाने घर में घुसे एक युवक ने मानसिक रूप से दिव्यांग ...और पढ़ें

चंदौली में दिव्यांग युवती से छेड़खानी, बारिश का बहाना बनाकर घर में घुसा था आरोपी, गिरफ्तार।
HighLights
बारिश से बचने के बहाने घर में घुसा आरोपी।
मानसिक रूप से दिव्यांग युवती से छेड़खानी का आरोप।
मुगलसराय पुलिस ने आरोपी बितन रावत को किया गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली)। बारिश से बचने की आड़ में घर में पहुंचकर मानसिक रूप से दिव्यांग 21 वर्षीय युवती से छेड़खानी करने का मामला सामने आया है। मंगलवार दोपहर हुई घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुगलसराय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। देर रात आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मंगलवार दोपहर क्षेत्र में बारिश हो रही थी। इसी दौरान चतुभुजपुर निवासी 22 वर्षीय बितन रावत कथित रूप से युवती के पास पहुंचा। बारिश से बचने का बहाना बनाकर वह युवती के पास रुका। आरोप है कि इसी दौरान उसने युवती के साथ छेड़खानी की। घटना के समय युवती के परिजन पड़ोस में काम करने गए थे।
उनकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर युवक द्वारा घटना को अंजाम देने का आरोप है। कुछ देर बाद घटना की जानकारी परिजनों को हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से जानकारी लेने के साथ मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
मुगलसराय थाना अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बताया कि युवती के परिजनों की सूचना के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। आरोपी बितन रावत को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
