26 ने कोरोना से जीती जंग, 30 मिले पाजिटिव
जागरण संवाददाता चंदौली कोरोना का मीटर जिले में तेजी से बढ़ रहा है। शुक्रवार को तीस
जागरण संवाददाता, चंदौली : कोरोना का मीटर जिले में तेजी से बढ़ रहा है। शुक्रवार को तीस लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई। हालांकि 26 लोग स्वस्थ होकर अपने घर चले गए। अचानक केस बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग भी परेशान हो गया है। सीएमओ ने आम लोगों से अपील की है कि वे जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलें। मास्क जरूर लगाएं और दो गज की दूरी का पालन हर हाल में करें।
शुक्रवार को 1592 लोगों की कोरोना जांच हुई। इसमें 30 लोगों की पाजिटिव रिपोर्ट मिली। जिले के एल-2 अस्पताल चकिया व वाराणसी के अस्पतालों से कोरोना से 26 लोगों ने जंग जीती। उन्हें एहतियात बरतने की नसीहत के साथ घर भेज दिया। जिला व स्वास्थ्य विभाग कोरोना पाजिटिव मरीजों के संपर्क में आए लोगों को चिन्हित कर रहा है। अचानक कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने से प्रशासन में भी खलबली मची है। एक पखवारे से जिले में पाजिटिव मरीजों का आंकड़ा दस का अंक पार नहीं कर रहा था। इससे विभाग को यह आभास होने लगा कि कोरोना का असर कम हो गया है। लेकिन दो दिन में मौसम परिवर्तन ने कोरोना को फिर से रफ्तार दे दी है। शुक्रवार की रिपोर्ट से हर कोई चौंक गया है। हालांकि जिले में अब एक्टिव केसों की संख्या 150 रह गई है। अब तक 48 लोगों की मौत हो चुकी है।