दिल्ली में दानपुर के युवक की गोली लगने से मौत
दिल्ली में सोमवार को सीएए के विरोध में हुए उपद्रव के दौरान क्षेत्र के गांव भीमपुर निवासी युवक की गोली लगने से मौत हो गई। परिजनों को घटना का पता देर रात चला। युवक दिल्ली में टेम्पो चलाता था।
बुलंदशहर, जेएनएन। दिल्ली में सोमवार को सीएए के विरोध में हुए उपद्रव के दौरान क्षेत्र के गांव भीमपुर निवासी युवक की गोली लगने से मौत हो गई। परिजनों को घटना का पता देर रात चला। युवक दिल्ली में टेम्पो चलाता था।
दौलतपुर चौकी क्षेत्र के गांव भीमपुर निवासी अल्लामेहर के चार बेटे हैं। छोटा बेटा 22 वर्षीय शाहिद दिल्ली के मुस्तफाबाद में किराए पर रहता था। उसकी तीन माह पहले ही बुलंदशहर के गांव रायपुर निवासी शाजिया से शादी हुई थी। शाहिद के बड़े भाई आरिफ ने बताया कि सोमवार देर रात दिल्ली पुलिस से सूचना मिली कि शाहिद को गंभीर चोट लगी है। परिजन वहां के लिए रवाना हो गए। वहां पहुंचकर पता चला कि उपद्रव के दौरान शाहिद को गोली लग गई थी। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। आरिफ ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव गांव में लाया जाएगा।
अधिकारियों की नजर में हैं गांव
दानपुर क्षेत्र के युवक की मौत की जानकारी अधिकारियों को दोपहर में मिल गई थी। इसके बाद डिबाई, खुर्जा, पहासू आदि थानों की पुलिस को सतर्क किया गया। साथ ही गांव के माहौल पर भी नजर रखने के लिए निर्देशित किया गया है।