समस्याओं के समाधान के लिए गरजे भाकियू कार्यकर्ता
बिजली दरों में वृद्धि तथा गन्ना बकाया भुगतान नहीं होने से आक्रोशित भारतीय किसान यूनियन हरपाल गुट ने हुंकार भरते हुए आंदोलन की चेतावनी दी तथा प्रदर्शन किया।
बुलंदशहर, जेएनएन: बिजली दरों में वृद्धि तथा गन्ना बकाया भुगतान नहीं होने से आक्रोशित भारतीय किसान यूनियन हरपाल गुट ने हुंकार भरते हुए आंदोलन की चेतावनी दी तथा प्रदर्शन किया। स्थानीय सहकारी संघ कार्यालय पर आयोजित भारतीय किसान यूनियन हरपाल गुट की पंचायत में किसानों की समस्याओं तथा उनके समाधान के विषय में विचार विमर्श किया गया। सर्वाधिक समस्या गन्ना बकाया भुगतान के विषय में जिलाध्यक्ष कपिल सिरोही ने प्रदेश सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने 31 अगस्त तक बकाया गन्ना भुगतान कराने का वायदा किया था जो झूठा साबित हुआ है। उन्होंने केन्द्र सरकार द्वारा चीनी का कोटा निर्धारित किए जाने को भी किसान विरोधी कदम बताया।
मडल अध्यक्ष चौधरी प्रह्लाद सिंह ने बिजली की बढ़ी दरों का विरोध करते हुए कहा कि बार बार बिजली की दरों में की जा रही वृद्धि ने किसानों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने बढ़ी विद्युत दरों को वापस लेने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो यूनियन आंदोलन की राह पर चलेगी। पंचायत की अध्यक्षता श्यौराज सिंह व संचालन ब्लाक अध्यक्ष जयकरण सिंह ने किया। पंचायत को सुशील शर्मा, कैप्टन धर्मवीर सिंह, चौधरी ओमवीर सिंह, बिजेन्द्र सिंह, ब्रह्मपाल सिंह, चांदवीर सिंह, गजेन्द्र सिंह, बाबू सिंह, लोकेन्द्र सिंह,सतपाल सिंह, प्रेमपाल सिंह, रणवीर सिंह, अरुण चौधरी, हरेन्द्र सिंह व विनोद चौधरी आदि ने भी संबोधित किया।