नाला चोक होने से रास्ते पर हुआ जलभराव
गांव अमरगढ़ में नालों की सफाई नहीं होने के कारण बारिश के समय मुख्य मार्गो पर जलभराव हो जाता है।
बुलंदशहर, जेएनएन। गांव अमरगढ़ में नालों की सफाई नहीं होने के कारण बारिश के समय मुख्य मार्गो पर जलभराव हो जाता है। इससे लोगों को मुख्य मार्ग से गुजरने में भारी परेशानी हो रही है।
गांव अमरगढ़ में घरों के पानी की निकासी के लिए जहांगीराबाद, दौलतपुर कलां और ऊंचागांव मार्ग किनारे लाखों रुपये की लागत से नाले बनाए गए हैं, लेकिन नालों की सफाई न होने के कारण बुरी तरह से अटे हैं। इस कारण गांव का गंदा पानी भी नहीं निकल पा रहा है। बारिश होने पर नाले अटे होने के कारण पानी मुख्य मार्गो पर भर जाता है। इसमें राहगीरों को भारी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने आरोपी लगाया कि कई बार नाले और नालियों की सफाई कराने के लिए ब्लाक अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं। लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। घर और मार्ग के किनारे गंदगी के अंबार लगने के कारण गांव में बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। गांव में आबादी के बीच बने रास्तों का भी पानी की निकासी नहीं होने से बिना बारिश के रास्तों पर जलभराव रहता है।