एफआइआर वापस कराने को कर्मचारियों बुलंद की आवाज
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के तत्वावधान में डिबाई डिवीजन में हुए 56 लाख रुपये गबन को लेकर दर्ज कराई गई रिपोर्ट को वापस कराने के लिए कर्मचारियों की हड़ताल शनिवार को भी जारी रही।
बुलंदशहर, जेएनएन। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के तत्वावधान में डिबाई डिवीजन में हुए 56 लाख रुपये गबन को लेकर दर्ज कराई गई रिपोर्ट को वापस कराने के लिए कर्मचारियों की हड़ताल शनिवार को भी जारी रही। कर्मचारियों ने एसई के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए एफआइआर को वापस कराने की मांग की है।
हाइडिल कालोनी स्थित सर्किल कार्यालय पर डिबाई डिवीजन में गबन के मामले में दर्ज कराई गई एफआइआर को वापस कराने के लिए कर्मचारी कई दिनों से कार्यबहिष्कार कर हड़ताल कर रहे हैं। जेई कुलदीप शर्मा ने कहा कि कर्मचारियों के खिलाफ गलत तरीके से गबन की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। अफसरों के पत्राचार में कर्मचारियों द्वारा जमा की गई धनराशि की कच्ची रसीद देने के बाद पक्की रसीद मुख्य रोकड़िया द्वारा नहीं देने का जिक्र है। पहले अफसर मुख्य रोकड़ियां के खिलाफ 53 लाख रुपये के गबन के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए पत्र लिख चुके थे। विजीलेंस ने मुख्य रोकड़िया को 53 लाख रुपये का गबन करने के बजाय तीन लाख रुपये के गबन का दोषी मानने पर 30 कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। निगम जब तक एफआइआर को वापस नहीं लेगा तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। इस दौरान ज्येति भाष्कार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
..
अमर सिंह राघव