0001 का जबरदस्त क्रेज! बुलंदशहर में 1.35 लाख में नीलाम हुआ UP 13 AD 0001 वाहन नंबर, ऐसे नंबरों की पूरी लिस्ट
बुलंदशहर में फैंसी नंबरों की ऑनलाइन नीलामी में UP 13 AD 0001 नंबर 1.35 लाख रुपये में बिका, जो सबसे ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
बुलंदशहर में फैंसी नंबरों की ऑनलाइन नीलामी हुई।
परिवहन विभाग को लाखों का राजस्व प्राप्त हुआ।
विपिन शर्मा, बुलंदशहर। जिले में नए वाहन खरीदने वालों में फैंसी नंबरों का क्रेज सिर चढ़कर बोल रहा है। लोग अपनी गाड़ी के लिए आकर्षक और वीआईपी नंबर लेने के लिए मुंहमांगी कीमत देने को तैयार हैं। इसी का नतीजा है कि परिवहन विभाग की ओर से आयोजित की गई फैंसी नंबरों की ऑनलाइन नीलामी में नंबरों की ऊंची कीमतों पर बोली लगी है। इस नीलामी में सबसे महंगा यूपी 13 एडी 0001 नंबर 1.35 लाख रुपये का नीलाम हुआ।
उप संभागीय परिवहन अधिकारी नीतू शर्मा ने बताया कि यूपी 13 एडी सीरीज के रजिस्ट्रेशन फैंसी एवं वीवीआईपी नंबरों की नीलामी प्रक्रिया पांच अक्टूबर की रात 12 बजे समाप्त हो गई। इस बार की नीलामी में सबसे ज्यादा बोली यूपी 13 एडी 0001 नंबर के लिए लगी।
1.35 लाख रुपये की रिकार्ड कीमत में कार के लिए राहुल कुमार के नाम अलाट हुआ है। इसके अलावा अन्य नंबर 50 हजार व एक लाख रुपये में नीलाम हुए। 0786 नंबर पर किसी भी वाहन स्वामी द्वारा बोली नहीं लगाई गई है।
स्टेटस सिंबल बना फैंसी नंबर
एआरटीओ कार्यालय के अनुसार इस बार की ऑनलाइन नीलामी में बड़ी संख्या में वाहन स्वामियों ने हिस्सा लिया। अधिकारियों ने बताया कि इस बार लोगों ने अपने जन्म दिन, लकी नंबर या फिर स्टेटस सिंबल के तौर पर फैंसी नंबरों को लेना पसंद किया। यहीं कारण है कि आम नंबरों के सापेक्ष फैंसी नंबरों की मांग लगातार बढ़ रही है। फैंसी नंबरों की इस नीलामी से परिवहन विभाग को लाखों रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
रजिस्ट्रेशन नंबर, नीलामी की कीमत
- 0001, 1.35 लाख रुपये
- 0007, 1.22 लाख
- 1111, 1.10 लाख
- 8888, 1.05 लाख
- 0010, 50 हजार
- 0022, 50 हजार
- 0018, 25 हजार
- 0072, 25 हजार
- 0090, 25 हजार
- 3500, 25 हजार
