रजिस्ट्रेशन कराने के लिए उमड़े पीड़ित किसान
स्याना नगर स्थित विकास खंड कार्यालय पर बारिश व ओलावृष्टि से नष्ट हुई फसलों के रजिस्ट्रेशन के बुधवार को किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी।
बुलंदशहर, जेएनएन। स्याना नगर स्थित विकास खंड कार्यालय पर बारिश व ओलावृष्टि से नष्ट हुई फसलों के रजिस्ट्रेशन के बुधवार को किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। लेकिन कार्यालय पर बीमा कंपनी का कोई भी कर्मचारी नहीं मिलने पर किसानों में गुस्सा पनप गया। जिसके बाद किसानों ने कार्यालय पर जमकर हंगामा किया। जिसके बाद एकत्रित किसान तहसील कार्यालय पहुंचे, जहां किसानों अपनी पीड़ा एसडीएम सुभाष सिंह को सुनाई। जिसके बाद एसडीएम के निर्देश पर नगर स्थित कृषि खाद भंडार कायरलय में किसानों का रजिस्ट्रेशन शुरु कराया गया। जिसके बाद किसानों का गुस्सा शांत हुआ। एसडीएम सुभाष सिंह ने बताया कि फसलों के बीमे के लिए यूनिवर्सल सौंपो जर्नल इंश्योरेंस कंपनी अधिकृत है। बताया कि प्राकृतिक आपदा से नष्ट हुई फसलों की जानकारी पीड़ित किसान को 72 घंटे तक अवगत कराना पड़ता है। लेकिन कुछ किसान किसान समय पर जानकारी नहीं दे पाए। बताया कि ऐसे किसानों का कृषि विभाग के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कराया जा रहा है। विदित हो कि शुक्रवार को स्याना तहसील में तेज बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि से किसानों की गेहूं व सरसो आदि की फसलों को भरी नुकसान हुआ था। इस दौरान बंटी त्यागी, सुरेश शर्मा, राजबल सिंह, बलवंत सिंह, अनिल कुमार, सत्यपाल सिंह, कांति प्रसाद, महेश चंद त्यागी आदि किसान मौजूद रहे।