देवीपुरा में दौड़ी बेकाबू कार, पिता-पुत्र को कुचला
मोहल्ला देवीपुरा में बुधवार की दोपहर को चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा। कार पिता-पुत्र को कुचलते हुए नाले में जा गिरी। हादसे में दोनों गंभीर घायल हो गए। बच्चे को मेरठ रेफर किया गया है।
बुलंदशहर, जेएनएन। मोहल्ला देवीपुरा में बुधवार की दोपहर को चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा। कार पिता-पुत्र को कुचलते हुए नाले में जा गिरी। हादसे में दोनों गंभीर घायल हो गए। बच्चे को मेरठ रेफर किया गया है। जबकि पिता का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लिया है।
देवीपुरा निवासी एक युवक कार लेकर जा रहा था। अचानक उसकी कार अनियंत्रित हो गई और कार तेज रफ्तार से दौड़ पड़ी। जिसके बाद लोग कार से बचने के लिए कोई दुकान में घुसा तो कोई अपने घर में घुस गया। एक युवक पैदल ही अपने दो साल के मासूम को गोद में लेकर अपने घर जा रहा था। अचानक कार ने दोनों को कुचल दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक और मासूम को अस्पताल में भर्ती कराया। मासूम बच्चे और उसके पिता बेहोश होने के बाद देर शाम तक शिनाख्त नहीं हो पाई थी। कार जब नहीं रुकी तो वह नाले में जा गिरी। जिसके बाद पुलिस ने कार को क्रेन से निकलवाया और चालक को हिरासत में ले लिया। चालक देवीपुरा का ही बताया जा रहा है। अभी चालक के खिलाफ मुकदमा भी नहीं लिखा गया है। वहीं अस्पताल में भर्ती मासूम और उसके पिता की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस तहरीर का इंतजार कर रही है। ताकि चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा सके।