प्रेम प्रसंग में चाचा ने किया भतीजे का कत्ल
थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की उसके चाचा ने गोली मारकर हत्या कर दी। जांच में सामने आया कि आरोपित की दूसरी पत्नी की बेटी से मृतक का प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बुलंदशहर, जेएनएन। थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की उसके चाचा ने गोली मारकर हत्या कर दी। जांच में सामने आया कि आरोपित की दूसरी पत्नी की बेटी से मृतक का प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपित फरार है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी 23 वर्षीय युवक मजदूरी करता था। गुरुवार सुबह वह चार अन्य युवकों के साथ समीप के गांव औरंगाबाद अहीर में एक किसान का ईख बांधने गया था। इसी दौरान उसका चाचा अपना टैंपो लेकर पहुंच गया। उसने पास बुलाकर अपने भतीजे के सीने में तमंचे से दो गोली मार दी। इसके बाद आरोपित फरार हो गया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के भाई ने आरोपित चाचा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि उसके चाचा की दो शादी हुई है। पहली पत्नी को चाचा ने छोड़ दिया था। दूसरी पत्नी अपने साथ एक लड़की लाई थी। इसी लड़की से उसके भतीजे का प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोपित को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।