बिना अनुमति जुलूस निकाल रहे बैंककर्मियों को रोका
बिना अनुमति शहर में जुलूस निकाल रहे बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों को पुलिसकर्मियों ने रोक दिया।
बुलंदशहर : बिना अनुमति शहर में जुलूस निकाल रहे बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों को पुलिसकर्मियों ने रोक दिया। बैंकों के विलय और वेतन समझौता की मांग को लेकर बुधवार को निजी बैंकों को छोड़कर जिलेभर के सभी बैंक कर्मचारी और अधिकारी हड़ताल पर थे। पुलिस के रोकने पर बैंक कर्मचारी वापस लौट गए। बैंकों की हड़ताल से उपभोक्ताओं को परेशान होकर ही लौटना पड़ा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी न होने तक हड़ताल जारी रहेगी।
यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियन के बैनर तले बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहे। जिस समय बैंक कर्मचारी जुलूस निकाल रहे थे। उसी समय सिकंदराबाद के पास हाईवे पर हुए हादसे के घायल जिला अस्पताल एंबुलेंस और निजी वाहन से पहुंच रहे थे। इस दौरान पुलिस ने बैंककर्मियों से रास्ता छोड़ने के लिए कहा तो वे बहस करने लगे। इस पर पुलिसकर्मी ने बैंककर्मियों से जुलूस निकालने की अनुमति के बारे में पूछा, जिस पर उन्होंने अनुमति नहीं लेने की बात कही। इस पर उनके बीच कहासुनी भी हुई। एलडीएम सतपाल मेहता ने बताया कि राष्ट्रीयकृत बैंकों के विलय की योजना, 11वें वेतन समझौते में देरी के विरोध में हड़ताल चल रही है। सरकार 11वें वेतन समझौते को लागू करने में देरी कर रहे हैं। आज खुलेंगे बैंक
27 दिसंबर को बैंक यथा समय खुलेंगे। एलडीएम ने बताया कि एक दिन की हड़ताल से 280 करोड़ रुपए का लेनदेन प्रभावित हुआ है। निजी बैंकों ने हड़ताल में हिस्सा नहीं लिया है। हड़ताल में ब्रजेश कुमार, अमरेन्द्र चौहान, तरुणवीर तोमर, दीपक वशिष्ठ, अजय तोमर, ब्रजेश शर्मा, विनोद त्यागी अमित कुमार आदि मौजूद रहे।