मैराथन मीटिग के बाद मान गए व्यापारी
पालिका की दुकानों के किराए में बेतहाशा वृद्धि के बाद से नाराज चल रहे शहर के व्यापारियों की चेयरमैन मनोज गर्ग के साथ मैराथन मीटिग हुई। इसमें पूर्व चेयरमैन पति एवं नामित सभासद हितेश गर्ग ने व्यापारियों को समझाया।
बुलंदशहर, जेएनएन। पालिका की दुकानों के किराए में बेतहाशा वृद्धि के बाद से नाराज चल रहे शहर के व्यापारियों की चेयरमैन मनोज गर्ग के साथ मैराथन मीटिग हुई। इसमें पूर्व चेयरमैन पति एवं नामित सभासद हितेश गर्ग ने व्यापारियों को समझाया। चेयरमैन और नामित सभासद के समझाने के बाद व्यापारी मान गए हैं। अब नियमानुसार ही किराया बढ़ाया जाएगा।
शहर में कई बाजारों में नगरपालिका की तीन सौ से अधिक दुकानें हैं। पहले इन दुकानों का किराया बहुत कम था। कुछ माह पहले पालिका ने मनमानी तरीके से दुकानों के किराए में बेतहाशा वृद्धि कर दी। कुछ दुकानों पर तो बीस से तीस हजार रुपये तक प्रतिमाह का किराया लगा दिया गया। पालिका के तुगलकी किराया बढ़ोत्तरी से व्यापारियों में आक्रोश पनपा। इसके बाद से व्यापारी पालिका से नाराज चल रहे थे। व्यापारियों के कुछ संगठनों ने पालिका के प्रति अपनी नाराजगी प्रकट करते हुए खुला विरोध भी किया। राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल के सामने भी व्यापारी पालिका के खिलाफ खूब बरसे थे। इसकी शिकायत भाजपा की प्रांतीय कार्यकारिणी तक पहुंची। उपचुनाव पर व्यापारियों की नाराजगी का असर ना पड़े इसके लिए पार्टी के शीर्ष नेताओं ने पालिका चेयरमैन मनोज गर्ग से फोन पर बातचीत की। इसके बाद मंगलवार को पालिका दफ्तर में चेयरमैन के कमरे में व्यापारियों के साथ लंबी मीटिग हुई। लंबी चली मीटिग में नामित सदस्य हितेश गर्ग ने व्यापारियों को किराए की तकनीकी बारीकियां समझाते हुए आश्वस्त किया कि नियमानुसार व्यापारियों के हित को देखते हुए किराए में वृद्धि होगी। चेयरमैन और नामित सदस्य का कहना है कि बैठक के बाद व्यापारी मान गए हैं जबकि उद्योग व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल का कहना है कि हमारी मांग है पालिका एग्रीमेंट के अनुसार पांच साल में 12.5 फीसद और फिर पांच साल में 12.5 फीसद इसके बाद 15 साल में 50 फीसद बढ़ोत्तरी होनी चाहिए। अनिल देशभक्त और अनिल जिदल मौजूद रहे।