किसानों की समस्याओं को लेकर मंडी पर होगा धरना
खुर्जा जंक्शन मार्ग पर कलंदरगढ़ी के निकट गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन की बैठक आयोजित की गई जिसमें किसानों की समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। जिला महासचिव एडवोकेट चौधरी अरब सिंह ने कहा कि किसानों को उनकी फसलों के उचित दाम नहीं मिल पा रहे हैं।
बुलंदशहर, जेएनएन। खुर्जा जंक्शन मार्ग पर कलंदरगढ़ी के निकट गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन की बैठक आयोजित की गई, जिसमें किसानों की समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। जिला महासचिव एडवोकेट चौधरी अरब सिंह ने कहा कि किसानों को उनकी फसलों के उचित दाम नहीं मिल पा रहे हैं। औने-पौने रेट पर व्यापारी किसानों की फसलों को खरीद रहे हैं। फसल का कम दाम मिलने पर किसानों का मोह खेती से भंग हो रहा है। तहसील अध्यक्ष चौधरी कल्याण सिंह ने कहा कि किसानों को अभी उनके गन्ने का भुगतान नहीं मिला है। जबकि शुगर मिल बंद होने के बाद अधिकारियों ने किसानों को शीघ्र भुगतान करने का आश्वासन दिया था। इन सभी मुद्दों को लेकर किसानों ने मंडी पर धरना-प्रदर्शन करने की रणनीति बनाई। बैठक में बॉबी चौधरी, ललित कुमार, सौरभ सिंह, रविद्र कुमार, मनोज चौधरी, विश्वेंद्र सिंह आदि रहे।