नाले में समाई दीवार, फुटपाथ की ईटें भी गिरी
खुर्जा मंदिर मार्ग पर दीवार नाले में समा गई और फुटपाथ की ईट भी नाले में गिरने लगी हैं। जिसके बाद भी इस तरफ किसी का ध्यान नहीं है। जबकि कई बार स्थानीय लोग शिकायतें कर चुके हैं।
बुलंदशहर, जेएनएन। खुर्जा मंदिर मार्ग पर दीवार नाले में समा गई और फुटपाथ की ईट भी नाले में गिरने लगी हैं। जिसके बाद भी इस तरफ किसी का ध्यान नहीं है। जबकि कई बार स्थानीय लोग शिकायतें कर चुके हैं।
खुर्जा में मंदिर मार्ग पर सड़क किनारे बने नाले की दीवार कई जगह से टूटी पड़ी हुई है। करीब एक माह पहले मंदिर मार्ग स्थित पशु अस्पताल के निकट अचानक नाले की दीवार भरभराकर गिर गई थी। जिसके बाद कुछ समय तक नाले में पानी की निकासी का कार्य भी अवरुद्ध हुआ। जिसके बाद नाले में पानी गिरी ईंटों के ऊपर से बहने लगा। जिससे सड़क किनारे बना फुटपाथ की ईंटें भी अब नाले में गिरने लगी हैं। अगर यहीं हाल रहा तो फुटपाथ भी नाले में समा जाएगा। जिससे नगरपालिका को भी काफी नुकसान पहुंचेगा। इसके अलावा फुटपाथ पर लगे विद्युत पोल के गिरने का खतरा भी बन रहा है। यह हाल तब है, जबकि कई बार स्थानीय लोग प्रशासनिक और नगरपालिका के अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं। जिसके बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही नाले की दीवार नहीं लगाई गई, तो जिस एरिया से दीवार गिरी है। वहां काफी फुटपाथ नाले में समा सकता है। उधर एसडीएम सदानंद गुप्ता ने बताया कि उन्हें जानकारी नहीं है। अगर ऐसा है, तो नाले की दीवार के निर्माण को लेकर नगरपालिका को निर्देशित किया जाएगा।