पटाखों संग हवा में उड़ गए सुप्रीम कोर्ट के आदेश
सुप्रीम कोर्ट के आदेश को दरकिनारे कर दीपावली के दिन लोगों ने जमकर आतिशबाजी की।
बुलंदशहर : लोगों ने पटाखों संग आदेशों में भी आग लगाने से चूक नहीं की। जिलेभर में लोगों ने निर्धारित समयसीमा से अलग भी जमकर आतिशबाजी की। वहीं दूसरी ओर ग्रीन पटाखों से दीवाली मनाने की पहल भी परवान नहीं चढ़ सकी।
बुधवार को रोशनी का पर्व दीवाली मनाई गई। दीवाली पर आतिशबाजी का भी विशेष महत्व है, लेकिन गत दिनों सुप्रीम कोर्ट ने शाम आठ बजे से रात्रि 10 बजे तक ही पटाखे चलाने के आदेश दिए थे। इस बाबत बच्चों को स्कूलों में पर्यावरण की रक्षा करने जैसी पहल भी की गई, लेकिन जिलेभर में लोगों ने आदेशों को ताक पर रखकर जमकर आतिशबाजी की। लोगों ने सुबह से ही पटाखे चलाने शुरू कर दिए। उन्होंने स्काई-क्रैकर्स मल्टीकलर अनार, आकाश तारा, बहुरंगी चक्र, मल्टीसाउंड क्रैकर्स, चटाई क्रैकर, हाइड्रो बम, फुलझड़ी आदि पटाखे चलाए। देर रात तक आसमान में रंग-बिरंगी रोशनी के साथ-साथ पटाखों की आवाज सुनाई देती रही। जानकारों की मानें तो शहर में साइलेंट जोन से लेकर पाश कालोनियों में खूब आतिशबाजी हुई। वहीं दूसरी ओर पर्यावरणविद् भी आतिशबाजी और पर्यावरण को लेकर ¨चतित दिखे। ग्रीन पटाखों से दीवाली मनाने की पहल महज चर्चा का विषय ही बनकर रह गई।
खुर्जा: बुधवार को नगर और देहात क्षेत्र में दीपावली पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। उधर आतिशबाजी पर पाबंदी के बाद भी नगर और देहात क्षेत्र के लोगों ने जमकर आतिशबाजी की। जबकि दूसरी तरफ पर्व पर किसी भी प्रकार की कोई अनहोनी होने की समाचार नहीं मिला। पर्व के चलते नगर और देहात क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की भी सुरक्षा के मद्देनजर ड्यूटी लगाई गई।