अभी और झेलना पडे़गा घने कोहरे का प्रकोप
गिरता पारा कड़ाके की सर्दी में इजाफा कर रहा है। शुक्रवार को भी न्यूनतम पारा पांच डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हालांकि हवा की गति कम रहने से शीतलहर का प्रकोप कम रहा। दोपहर में धूप भी सर्दी से राहत नहीं दे पाई। मौसम विभाग के अनुसार अब आने वाले दिनों में घने कोहरे का प्रकोप झेलना पड़ेगा। कुछ मीटर दूरी का भी दिखाई देना बंद हो जाएगा।
जेएनएन, बुलंदशहर। गिरता पारा कड़ाके की सर्दी में इजाफा कर रहा है। शुक्रवार को भी न्यूनतम पारा पांच डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हालांकि हवा की गति कम रहने से शीतलहर का प्रकोप कम रहा। दोपहर में धूप भी सर्दी से राहत नहीं दे पाई। मौसम विभाग के अनुसार अब आने वाले दिनों में घने कोहरे का प्रकोप झेलना पड़ेगा। कुछ मीटर दूरी का भी दिखाई देना बंद हो जाएगा।
मौसम का मिजाज बिगड़ने से तापमान में गिरावट हो रही है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम पांच डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सुबह और शाम के समय कोहरे की चादर भी बिछी रही। दोपहर के समय सूर्यदेव बादलों से निकले। तेज गति से हवा नहीं चलने से शीतलहर का अहसास नहीं हुआ। हालांकि शाम होते-हाते तापमान नीचे आने लगा और सर्दी में इजाफा होने लगा। मौसम वैज्ञानिक डा. रामानंद पटेल के अनुसार अब आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 20 डिग्री तक और न्यूनतम पांच डिग्री से कम रहने की संभावना बनी हुई है। हवा की गति छह से दस किलोमीटर प्रतिघंटा बनी रहने से शीतलहर कम होने के आसार हैं। जबकि सुबह और शाम के समय कोहरे की घनी धुंध छाने से दृश्यता काफी कमजोर पड़ जाएगी। फाग लाइट जलाकर चलाएं वाहन
ऐसे में वाहन चालकों राहगीरों को को सतर्कता बरतनी होगी। मौसम वैज्ञानिक ने कहा है कि वाहन चालक फाग लाइट जलाकर वाहन चलाएं। हो सके तो कोहरे की घनी धुंध के समय निकलने से बचें। वहीं, उन्होंने लोगों को भी ऐसे मौसम में बचाव करने की सलाह दी है। कहा है कि गर्म कपडे़ पहने रहें। बच्चों, रोगियों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।