किसी ने पहनाई माला, किसी ने हाथ जोड़कर किया अभिनंदन
जेएनएन बुलंदशहर टोक्यो ओलंपिक में प्रतिभाग कर देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करने के लिए युवाओं में खासा उत्साह बना रहा।
जेएनएन, बुलंदशहर : टोक्यो ओलंपिक में प्रतिभाग कर देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करने के लिए युवाओं में खासा उत्साह बना रहा। चटक धूप के बीच खेल प्रेमी टोक्यो ओलम्पिक जागरूकता रिले के इंतजार में पलके बिछाए रहे। जैसे ही यह जागरूकता रिले जिले में पहुंची तो भारत माता की जय और जीतेंगे जिले की माटी के लाल जैसे जयघोष से फिजाएं गूंज उठीं। हर कोई इस जागरूकता रिले में शामिल खेल प्रतिभाओं का अभिनंदन करने में जुट गया। किसी ने माला पहनाई तो किसी ने हाथ जोड़कर स्वागत किया। खिलाड़ियों के गृह स्थान की मिट्टी की भेंट जिले में सबसे पहले यह जागरूकता रिले पुलिस एस्काट के साथ जैनपुर स्थित सेंट मोमिना स्कूल पहुंची। इसके स्वागत में स्कूल प्रांगण को तिरंगे से सजाया गया। इस रिले में शामिल खेल प्रतिभाओं का स्वागत-सत्कार किया गया। जिले के स्कीट खिलाड़ी मेराज खान के खुर्जा के मोहल्ला ख्वेशज्ञान, रोइंग खिलाड़ी अरविद सोलकी के ग्राम खबरा और बाक्सर सतीश के सिकंदराबाद के ग्राम पचौता स्थित घर की मिट्टी जागरूकता रिले टीम को भेंट की। इसके बाद यमुनापुरम स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेल विभाग ने रिले की मशाल थामी। यहां रोइंग खिलाड़ी अरविद के स्वजनों सहित अन्य ने भी इसका स्वागत किया। फिर चांदपुर रोड स्थित सदर तहसील पर व्यापारियों एवं गणमान्यों ने जागरूकता रिले टीम का स्वागत किया। यहां से यह जागरूकता रिले डिबाई होते हुए अलीगढ़ जनपद को प्रस्थान कर गई। इस जागरूकता रिले का स्वागत करने वालों में ओलंपिक एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष शाह फैसल, महासचिव श्रीकांत शर्मा, जिला कबड्डी एसोसिएशन के महासचिव राकेश शर्मा, जिला वुशू एसोसिएशन के महासचिव अमित शर्मा, जूडो कोच कमल यादव, कराटे कोच सुमित कुमार, चितन चौधरी, शीला, केके माथुर, अब्दुल सलाम, राजवीर सिंह आदि मौजूद रहे।