सफाईकर्मियों ने किया प्रदर्शन, शुरू होगा आंदोलन
सफाई मजदूरों एवं नगर पालिका परिषद अधिकारियों के बीच चल रहा टकराव थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार की शाम सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर नगर पालिका परिषद कार्यालय पर प्रदर्शन किया।
बुलंदशहर, जेएनएन। सफाई मजदूरों एवं नगर पालिका परिषद अधिकारियों के बीच चल रहा टकराव थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार की शाम सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर नगर पालिका परिषद कार्यालय पर प्रदर्शन किया।
सफाई कर्मचारी यूनियन जिलाध्यक्ष कामरेड सुरेशचंद का कहना है कि सफाई कर्मचारी पिछले 8-10 वर्षों से लगातार काम करते चले आ रहे हैं। लेकिन जुलाई से उन्हें वेतन नहीं मिल पाया है। 25 अक्टूबर को सफाई कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल कर दी थी। दीपावली के मौके पर नगर में गंदगी का अंबार लग गए थे। इस मामले में अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद एडीएम प्रशासन ने जिला मुख्यालय पर दोनों पक्षों को बुलाकर वार्ता की थी। एसडीएम ने पालिका परिषद शिकारपुर में बीते सोमवार को आकर मामले के निस्तारण किए जाने की बात सफाई कर्मचारी नेताओं से कही थी। लेकिन एडीएम के नहीं पहुंचने से सफाई कर्मचारी नेताओं में रोष व्याप्त है। कर्मचारियों ने दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए प्रदर्शन किए जाने की बात कही थी उन्होंने कहा कि अगर सफाई कर्मचारियों की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कर्मचारी अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ जाएंगे। मौके पर संजय कुमार, संजय करोटिया, राजेश देवी, सरोज देवी, सुरेश चंद आदि उपस्थित रहे।