रालोद ने जयंत चौधरी पर लाठीचार्ज के विरोध में किया प्रदर्शन
राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने हाथरस में पुलिस द्वारा रालोद के पूर्व संसद जयंत चौधरी पर की गयी लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार अमित कुमार को ज्ञापन सौंपा।
बुलंदशहर, जेएनएन। राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने हाथरस में पुलिस द्वारा रालोद के पूर्व संसद जयंत चौधरी पर की गयी लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार अमित कुमार को ज्ञापन सौंपा।
मंगलवार को तहसील क्षेत्र के ग्राम चित्सौना अल्लीपुर में पूर्व विधायक व रालोद के वरिष्ठ नेता दिलनवाज खान के नेतृत्व में कार्यकर्ता एकत्रित हुए। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दिलनवाज खान ने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई है। हाथरस घटना के बाद पीड़िता के परिजनों से मुलाकात करने गए पूर्व संसद जयंत चौधरी पर पुलिस द्वारा किया गया लाठीचार्ज लोकतंत्र की हत्या है। इसे कदापि माफ नहीं किया जाएगा। जयंत चौधरी पर लाठीचार्ज करने वाले सभी पुलिस अधिकारियों को तत्काल बर्खास्त कर देना चाहिए। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार अमित कुमार को सौंपा। इस दौरान ब्रजमोहन त्यागी, दिलशाद कुरैशी, अजीत सिरोही, कुंदन लाल शर्मा, मनोज चौधरी, अनिल शर्मा व सुनिल त्यागी आदि मौजूद रहे।