विरोध के बीच नगर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
दिल्ली रोड पर मंगलवार को नगर पालिका प्रशासन प्राधिकरण और पुलिस ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
बुलंदशहर, जेएनएन : दिल्ली रोड पर मंगलवार को नगर पालिका, प्रशासन, प्राधिकरण और पुलिस ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। कालाआम चौराहे से आरटीओ कार्यालय तक चले अभियान के दौरान कुछ लोगों ने अभियान का विरोध करते हुए हंगामा करने का प्रयास भी किया, लेकिन पुलिस के तेवर देख विरोध करने वाले शांत हो गए।
दिल्ली रोड पर अतिक्रमण के कारण पिछले काफी समय से जाम की समस्या बन रही थी। सड़क के दोनों किनारों पर किए गए अतिक्रमण को लेकर बड़े अधिकारियों से कई बार परेशान नगर वासियों ने शिकायत भी की। लगातार मिल रही शिकायत पर डीएम के आदेश पर मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट विवेक मिश्र पुलिस बल और नगर पालिका के साथ बुलंदशहर विकास प्राधिकरण की टीम के साथ काला आम चौराहे पर पहुंचे। यहां अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान शुरू किया गया। इस दौरान कुछ लोगों ने अपने प्रतिष्ठान के बाहर किए गए अतिक्रमण को हटाने का विरोध भी किया, लेकिन पुलिस के सख्त तेवर देखकर विरोध करने वाले शांत हो गए। टीम ने करीब तीन घंटे तक अभियान चलाकर काला आम चौराहे से आरटीओ कार्यालय तक अतिक्रमण हटाया। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि शहर को जाम से मुक्त करने और सड़क पर हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।