गाजे बाजे के साथ निकली राम बरात
गुलावठी में रामलीला समिति द्वारा चल रहे रामलीला महोत्सव में मंगलवार को नगर में धूमधाम से श्रीराम बरात निकाली गई।
बुलंदशहर, जेएनएन। गुलावठी में रामलीला समिति द्वारा चल रहे रामलीला महोत्सव में मंगलवार को नगर में धूमधाम से श्रीराम बरात निकाली गई। इस दौरान कई स्थानों पर लोगों ने श्रीराम बरात का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
मंगलवार दोपहर रामलीला मैदान से शुरू हुई राम बरात नगर के प्रमुख मार्गो से होकर गुजरी। पुरानी अनाज मंडी गेट पर महिलाओं ने श्रीराम को तिलक कर उनकी आरती उतारी। बरात में श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न अलग-अलग रथ पर सवार थे जबकि राजा दशरथ, मंत्रीगण व अन्य भी बरात में चल रहे थे। बरात का नगर में कई स्थानों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। महिला, पुरुष व बच्चों ने भगवान श्रीराम का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर समिति संरक्षक रमेश चंद जैन, अध्यक्ष अजय चौधरी, बब्लू कंसल, मनोज सिघल, पुरुषोत्तम चौधरी, अशोक कंसल, कुलदीप सिघल, मदन गोपाल, राजेश अग्रवाल, राकेश गुप्ता, सचिन गर्ग, सोनू अग्रवाल, जुगनू गर्ग आदि लोग शामिल रहे। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस फोर्स भी मौजूद रही।