राहुल पहले अपनी चार पीढि़यों का हिसाब दें : शाह
प्रदेश में तैयार भाजपा के 51 कार्यालयों के उद्घाटन समारोह में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने राहुल गांधी के साथ गठबंधन पर जोरदार हमला बोला।
बुलंदशहर: प्रदेश में तैयार भाजपा के 51 कार्यालयों के उद्घाटन समारोह में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने राहुल गांधी के साथ गठबंधन पर जोरदार हमला बोला। शाह ने यहां चुनावी तेवर को धार देते हुए राहुल गांधी को अपनी चार पीढि़यों का हिसाब देने के लिए ललकारा। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए पार्टी संकल्पित है। विपक्ष को भी इस बाबत अपनी सोच स्पष्ट करनी चाहिए।
बुधवार को बुलंदशहर के गंगानगर में नवनिर्मित पार्टी कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कुछ मिनट के अंतराल में पहुंचे। मंच पर पहले लगभग चार मिनट के उद्बोधन में योगी ने विकास संबंधी उपलब्धियां गिनाई। इसके बाद शाह ने माइक संभालते ही भाजपा से चार साल का हिसाब मांगने के लिए राहुल गांधी पर हमला बोला। शाह ने तंज कसा कि गठबंधन कर मोदी को रोकने की तैयारी है। कोई बताए कि उप्र में ममता बनर्जी, चंद्रबाबू नायडू, एचडी देवगोड़ा आदि के आने से कोई फर्क पड़ेगा? राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राम मंदिर निर्माण की बाबत कहा कि भाजपा राम मंदिर निर्माण के लिए संकल्पित है, लेकिन क्या कांग्रेस और उसके साथी कभी मंदिर निर्माण पर खुलकर अपनी राय रख पाएंगे। उन्होंने न्यास को दी जाने वाली 42 एकड़ भूमि का जिक्र भी किया। शाह ने बजट में हुई घोषणा, केंद्र सरकार की 129 योजनाएं गिनाई। उन्होंने 73 लोकसभा सीट को 74 में बदलने का संकल्प भी दोहराया।
पलायन हुआ बंद, उल्टा लटकाकर किया सीधा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान मैं यहां आया था तो पलायन और छेड़छाड़ जैसी गंभीर समस्याओं की शिकायत की गई थी। अब योगी की सरकार में कहीं पलायन का जिक्र तक नहीं है। छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ एंटी रोमियो फोर्स का गठन किया। ऐसे लोगों को उल्टा लटकाकर सीधा किया गया।
पहले यूपी में दो लड़के आए, इस बार बुआ और बबुआ
अमित शाह ने बिना नाम लिए कहा कि बीते विधान सभा चुनाव में दो लड़के (राहुल और अखिलेश) गठबंधन करके आए थे। अब बुआ और बबुआ (मायावती और अखिलेश) मैदान में हैं। अब भाजपा पचास प्रतिशत पर है और गठबंधन डरा हुआ है।