श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर निकाली गई शोभायात्रा
नगर और देहात क्षेत्रों में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर शनिवार शाम को नगर में धूमधाम से शोभयात्रा निकाली गई। इस दौरान नन्हें-मुन्ने बच्चों ने श्रीकृष्ण की वेशभूषा धारण करके मनमोह लिया।
बुलंदशहर, जेएनएन। नगर और देहात क्षेत्रों में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर शनिवार शाम को नगर में धूमधाम से शोभयात्रा निकाली गई। इस दौरान नन्हें-मुन्ने बच्चों ने श्रीकृष्ण की वेशभूषा धारण करके मनमोह लिया।
नगर की न्यूशिवपुरी कालोनी, प्रीत बिहार कालोनी, नई बस्ती, ज्ञानलोक कालोनी, गांव धराऊ, अरनिया, ऊंचागांव आदि समेत कई स्थानों पर स्थित मंदिरों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान नन्हें-मुन्ने बच्चों ने दही से भरी हुई मटकियों को पत्थर मारकर फोड़ा और उसके बाद उनसे टपकते हुए दही का आनंद लिया। उधर शनिवार शाम को नगर में शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ समाजसेवी भगवानदास सिघल ने नगर के मंदिर मार्ग स्थित महर्षि भृगु सदन से किया। इसके बाद शोभायात्रा जेवर अड्डा चौराहा, गांधी रोड, पदम सिंह गेट, कबाड़ी बाजार, अनाज मंडी होती हुई दाऊजी के मंदिर पर जाकर समाप्त हुई। शोभायात्रा में शामिल झांकी व बैंड-बाजों की धुनों ने सभी का मनमोह लिया। श्रद्धालुओं ने कई स्थानों पर शोभायात्रा का फूलवर्षा कर स्वागत भी किया।
मंदिरों में सजी झांकियों ने श्रद्धालुओं का मनमोहा
गुलावठी: श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर्व पर शनिवार देर शाम नगर के विभिन्न मंदिर आकर्षक फूलों से महक रहे थे। नगर के विख्यात प्राचीन बड़ा महादेव मंदिर, मां मंशा देवी पंचायती मंदिर, काली मंदिर, बाई जी वाला मंदिर, नवदुगर शक्तिपीठ मंदिर, शिव शनिदेव मंदिर में श्रीकृष्ण-राधा का दरबार आकर्षण का केंद्र बना हुआ था। सैनी धर्मशाला पर सैनी समाज द्वारा कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें दिल्ली से आए कलाकारों ने श्रीकृष्ण राधा का वेशधारण कर भजनों पर मनमोहक प्रस्तुति दी। श्री नवदुर्गा शक्तिपीठ मंदिर में भजन संध्या हुई, जिसमें श्री श्याम प्रभु खाटू वालों का गुणगान किया गया। अग्रसेन धर्मशाला स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में झांकी सजाई गई।