दहेज की खातिर गर्भवती की हत्या
दहेज की खातिर ससुरालीजनों ने गर्भवती की हत्या कर दी और उसके शव को मायके पक्ष के लोगों को बिना बताए ही दफना दिया। मामले में मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित पति समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बुलंदशहर, जेएनएन। दहेज की खातिर ससुरालीजनों ने गर्भवती की हत्या कर दी और उसके शव को मायके पक्ष के लोगों को बिना बताए ही दफना दिया। मामले में मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित पति समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अलीगढ़ जनपद के थाना खैर क्षेत्र के गांव बरका निवासी नजाकत अली पुत्र लियाकत खां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने अपनी पुत्री शाहिन (23) की शादी 21 जनवरी को मुस्लिम रीति रिवाज के खुर्जा जंक्शन चौकी क्षेत्र के गांव शराबा निवासी सलमान पुत्र यासीन के साथ की थी। आरोप है कि शादी में दिए गए दान-दहेज के विवाहिता के ससुरालीजन खुश नहीं थे और अतिरिक्त दहेज में एक लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उन्होंने शाहिन के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। विवाहिता ने जब यह बात अपने मायके वालों को बताई, तब उन्होंने ससुराल पक्ष को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद भी वह नहीं आने तो उन्होंने थाना खैर में शिकायत भी की। करीब 20 दिन पहले रिश्तेदारों और पांच लोगों ने फैसला कर दिया था। आरोप है कि गुरुवार रात ससुरालीजनों ने विवाहिता की हत्या कर दी और उसके शव को दफना भी दिया। इसकी जानकारी शुक्रवार को मायके पक्ष के लोगों को हुई। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित पति सलमान, देवर नईम, सास रजनी और ननद नाहिद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच-पड़ताल कराई जा रही है।