भाजपा नेता के पुत्र की तलाश में अमरोहा पुलिस की दबिश
संवाद सूत्र, शिकारपुर (बुलंदशहर): अमरोहा के हसनपुर में नकली दवाओं के कारोबार का भंड
संवाद सूत्र, शिकारपुर (बुलंदशहर): अमरोहा के हसनपुर में नकली दवाओं के कारोबार का भंडाफोड़ होने के बाद शुक्रवार को पुलिस ने शिकारपुर क्षेत्र में भाजपा नेता के आरोपित पुत्र के कई ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा।
पिछले दिनों हसनपुर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग और पुलिस ने करीब तीन करोड़ रुपये की नकली दवाएं पकड़ी थीं। पुलिस के अनुसार, नकली दवाओं को सप्लायरों की मदद से मेडिकल स्टोरों पर खपाया जा रहा था। शिकारपुर निवासी हिमांशु जायसवाल मुख्य सरगना बताया जा रहा है। हिमांशु के पिता पवन जायसवाल भाजपा के नगर उपाध्यक्ष हैं। कस्बे में उनकी हार्डवेयर की दुकान है। पुलिस सूत्रों की मानें तो जल्द अमीर होने की चाह में उसने बुलंदशहर समेत अन्य जिलों में नकली दवा के धंधे का जाल बिछाया।
शुक्रवार को अमरोहा जिले के हसनपुर थाने की पुलिस ने दिल्ली के साथ-साथ रुड़की, बुलंदशहर और शिकारपुर क्षेत्र में कई जगहों पर दबिश दी लेकिन वह कहीं नहीं मिला। कोतवाली प्रभारी हसनपुर डीके शर्मा ने बताया कि हिमांशु नकली दवा मामले का मुख्य आरोपी है। उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ है। हालांकि स्थानीय पुलिस ने अमरोहा पुलिस की दबिश से अनभिज्ञता जताई। उधर, भाजपा नगर उपाध्यक्ष पवन जायसवाल ने कहा कि उनके पुत्र को फंसाया जा रहा है। उसका नकली दवा कारोबार से कोई सम्बंध नहीं है।
इंसेट
अन्य लोगों के भी शामिल होने की आशंका
पहले जिला निवासी नीरज शर्मा की गिरफ्तारी और बाद में हिमांशु का नाम नकली दवाओं के मामले में सामने आने पर जिले में अन्य लोगों के भी शामिल होने की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता। आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद नकली दवाओं के बड़े अवैध धंधे का राजफाश हो सकता है। इंसेट
हिमांशु के सरेंडर की भी चर्चा
आरोपित हिमांशु जायसवाल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। शुक्रवार को नगर में हिमांशु के सरेंडर समेत अन्य चर्चाएं भी होती रहीं। हसनपुर कोतवाली प्रभारी डीके शर्मा ने सरेंडर से इन्कार किया।