लाल किले में लगा खुर्जा के स्वतंत्रता सेनानी का चित्र
नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आजाद हिद फौज में कप्तान रहे गांव कंलदरगढ़ी निवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कैप्टन अब्बास अली का चित्र लाल किले के संग्रहालय में लगाया गया है।
बुलंदशहर, जेएनएन। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आजाद हिद फौज में कप्तान रहे गांव कंलदरगढ़ी निवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कैप्टन अब्बास अली का चित्र लाल किले के संग्रहालय में लगाया गया है।
दिल्ली स्थित लाल किले में नेताजी सुभाष चंद्र बोस और आजाद हिद फौज की याद में संग्रहालय की दीर्घा बनाई गई हैं। जिसमें नेताजी और उनके अन्य सहयोगियों के चित्र लगाए गए हैं। इस संग्रहालय का शुभारंभ बीते 23 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। जिसमें खुर्जा के गांव कलंदरगढ़ी में तीन जनवरी 1920 को जन्मे कप्तान अब्बास अली का चित्र भी लगाया गया है। कप्तान अब्बास अली सरदार भगत सिंह के क्रांतिकारी विचारों से प्रभावित थे। जिस कारण वह पहले नौजवान भारत सभा और फिर स्टूडेंट फेडरेशन के सदस्य बने और सन 1939 में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से इंटरमीडिएट करने के बाद वह दूसरे विश्व युद्ध के दौरान बिर्तानी सेना में भर्ती हो गए थे। जिसके बाद अब्बास अली ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आजाद हिद फौज में शामिल होकर देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी थी। देश के आजाद होने के बाद सन 1948 में कैप्टन अब्बास अली सोशलिस्ट पार्टी में शामिल हुए थे और 1966 में उत्तर प्रदेश संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी व 1973 में सोशलिस्ट पार्टी उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री निर्वाचित हुए। 94 वर्ष की उम्र तक संघर्ष करते हुए और जन आंदोलनों में शिरकत करते हुए 11 अक्टूबर 2014 को वो इस दुनिया से चले गए थे। अब उनके चित्र को लाल किले के संग्रहालय में लगाया गया है। जिसकी जानकारी होने से खुर्जा और उनके गांव के लोगों में खुशी का माहौल है।