CAA पर झूठ और भ्रम फैलाकर लोगों को बरगलाने का काम कर रहा विपक्ष : राज्यवर्धन सिंह राठौर Bulandshahr News
मोतीबाग मैदान में गुरुवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौर ने नागरिकता संशोधन कानून पर अपनी बात को रखते हुए विपक्ष पर निशाना साधा।
बुलंदशहर,जेएनएन। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर बुलंदशहर के मोतीबाग मैदान में गुरुवार को आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा कि भारत सभी का है और हम सभी भारतीय है। लेकिन विपक्षी दलों ने देश को जाति और धर्म के नाम पर बांटने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा और सेना एक तरह ही है, दोनों में ही धर्म और जाति के लिए कोई जगह नहीं है। अपने संबोधन के दौरान राठौर ने देश के बंटवारे से लेकर राम मंदिर निर्माण और अनुच्छेद 370 का भी जिक्र किया।
विपक्ष को देश से कोई मतलब नहीं
मोती बाग के मैदान में आयोजित जनसभा को संबंधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा कि हमारी सरकार देश का निर्माण और विकास करने के लिए है, जबकि विपक्ष ने हमेशा देश पर राज्य करते हुए अपना ही विकास किया। पूर्व मंत्री ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून को लेकर विपक्षी दल लोगों में भ्रम और झूठ फैलाकर लोगों को बरगलाने का काम कर रहे हैं। क्योंकि उन्हें देश से कोई मतलब नहीं है।
नागरिकता को कोई खतरा नहीं
ऐसा नहीं है कि नागरिकता संशोधन को लेकर पहले मांग नहीं उठाई गई, बल्कि पहले भी कई बार विभिन्न दलों द्वारा इसकी मांग उठाई जाती रही है। उन्होंने कानून को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि पड़ोसी देश पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में धर्म के नाम पर प्रताडि़त किए जा रहे छह धर्मों के अल्पसंख्यकों को देश की नागरिकता देने के कानून को सरल बनाया है। इससे किसी भी भारतीय की नागरिकता को कोई खतरा नहीं है।
भाजपा और सेना एक समान
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो काम पिछले छह सालों में किए है, उनके बारे में विपक्ष सोच भी नहीं सकता है। कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाया, तीन तलाक को समाप्त किया और अब राम मंदिर निर्माण का रास्ता भी सर्वोच्च न्यायालय के माध्यम से निकाला गया। राठौर ने आगे कहा कि भाजपा और सेना एक समान हैं, यहां जाति और धर्म के लिए कोई स्थान नहीं है।
NRC को लेकर भी फैला रहे भ्रम
ऐसे ही उन्होंने एनआरसी के संबंध में कहा कि एनआरसी को लेकर भी मुस्लिम समाज के लोगों में भ्रम फैलाया जा रहा है। जबकि एनआरसी हर हाल में राष्ट्र हित में हैं। जनसभा के बाद शहर के विभिन्न बाजारों और रास्तों से रैली निकाली गई। रैली के दौरान भारत मां की जय और वंदेमातरम के नारे लगाए गए। इस दौरान लोगों ने फूल बरसा कर रैली का स्वागत किया। बाद में रैली कालाआम चौराहे पर आकर संपन्न हुई।