सतर्कता के साथ खुली कचहरी, नियमों का कराया पालन
एक अधिवक्ता के पॉजिटिव मिलने के बाद 48 घंटे बाद खुली कचहरी में सोमवार को सतर्कता बरती गई। अधिवक्ताओं के चैंबरों के अलावा अदालतों में भी सैनिटाइजर का छिड़काव कराया गया।
बुलंदशहर, जेएनएन। एक अधिवक्ता के पॉजिटिव मिलने के बाद 48 घंटे बाद खुली कचहरी में सोमवार को सतर्कता बरती गई। अधिवक्ताओं के चैंबरों के अलावा अदालतों में भी सैनिटाइजर का छिड़काव कराया गया। शारीरिक दूरी का पालन कराया गया। बिना मास्क के किसी भी व्यक्ति को कचहरी में नहीं जाने दिया गया। चैंबरेा में भी एक ही व्यक्ति अंदर तक जा सका।
तीन दिन पहले एक अधिवक्ता कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद प्रभारी जिला जज हरकेश कुमार के आदेश पर अदालतों को 48 घंटे के लिए बंद कर दिया गया था। सोमवार को कचहरी खुली और अदालतों में न्यायाधीश भी बैठे। इस दौरान प्रभारी जिला जज हरकेश कुमार के आदेश पर सभी अदालतों में नियमों का सख्ती के साथ पालन कराया गया। शहर कोतवाली पुलिस की एक टीम को भी तैनात किया गया था। वहीं, पुलिस लाइन से भी पुलिस की एक टीम भेजी गई। कचहरी के गेट पर थर्मल स्कैनिंग की गई। वहीं, अदालतों के बाहर भी थर्मल स्कैनिग की व्यवस्था की गई। इसके अलावा सभी स्थानों पर सैनिटाइजर की व्यवस्था की गई थी।
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा ने बताया कि बेहद सतर्कता के साथ कचहरी खोली गई है। वकीलों से अपील की गई है कि वह सतर्कता बरते। अपने चैंबर में भीड़ एकत्रित न होने दे। चैंबर में केवल एक ही व्यक्ति को अंदर आने दे।