बंदरों का आतंक : बंदरों के हमले में गई वृद्धा की जान Bulandshahar News
अनूपशहर में बंदरों के हमले से वृद्धा की मौत हो गई। पहले भी वहां इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। गांववालों ने अधिकारियों से बंदर पकड़ने की गुहार भी की लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई।
बुलंदशहर, जेएनएन। अनूपशहर क्षेत्र में में लगातार बंदरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। कई लोग बंदरों के हमले में पहले घायल हो चुके हैं। बुधवार की सुबह बंदरों के हमले से बचने के दौरान एक वृद्धा घर की छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन इससे पहले उसे अस्पताल ले जाते वृद्धा की मौत हो गई।
बंदरों ने वृद्धा पर किया हमला
क्षेत्र के गांव अनीवास में धरती सिंह की पत्नी 75 वर्षीय हरीशा घर की छत पर बैठकर धूप सेक रही थी। इस बीच बंदरों का एक दल घर की छत पर आ गया और वृद्धा पर हमले का प्रयास किया। बंदरों को देखकर वृद्धा डर गई और बचाव के लिए इधर-उधर शोर मचाते हुए दौड़ पड़ी। इस दौरान वृद्धा घबराहट में घर की छत से नीचे आ गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। उधर शोर सुनकर मौके पर आए परिजनों ने घायल वृद्धा को अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
ग्रामीणों में आक्रोश
घटना से जहां परिजनों में गम है वहीं ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बंदरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। कई बार ग्राम प्रधान के साथ आला अधिकारियों से भी बंदर पकड़ने की गुहार लगाई गई, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की गई।