Corona Alert: सुबह 11 से तीन बजे तक रहेंगे कर्फ्यू जैसे हालात, डीएम-एसएसपी का सख्त रुख Bulandshahr News
बुलंदशहर में सड़क पर कोई पैदल भी नहीं निकल सकता। वाहन निकलेगा तो उसे जब्त कर लिया जाएगा। यहां पर लॉकडाउन को लेकर डीएम और एसएसपी ने सख्त रुख अपनाया है।
बुलंदशहर, जेएनएन। अब यदि आप 11 बजे से तीन बजे के बीच में अपने घर से निकले तो पुलिस की लाठियां भी पड़ सकती हैं और जेल भी जा सकते हैं। शासन से मिले आदेश के अनुसार जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बुलंदशहर में सुबह 11 से तीन बजे के बीच पूर्ण लॉकडाउन के आदेश दिए हैं। सड़क पर कोई पैदल भी नहीं निकल सकता। वाहन निकलेगा तो उसे जब्त कर लिया जाएगा।
लॉकडाउन पर लोग गंभीर नहीं
इसका मुख्य कारण कुछ जिलों में लॉकडाउन का सही से लोग पालन नहीं कर रहे थे। इसी कारण शासन को यह कदम उठाना पड़ा । जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि कोरोनावायरस को अभी भी कुछ लोग गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। बेवजह वाहनों को लेकर सड़कों पर निकल रहे हैं। मजबूरी वश बहुत ही कम लोग सड़क पर देखने को मिल रहे हैं। दोनों अधिकारियों का कहना है कि अब 14 अप्रैल तक सुबह 11 बजे से तीन बजे तक पूरी तरह से लोक डाउन रखा जाएगा।
सख्ती कर लौटाया वापस
इस आदेश का सख्ती से पालन करने के लिए दोनों अधिकारियों ने अपने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं। इस आदेश का पालन देखने को भी मिला। शहर कोतवाली के मोहल्ला साठा में मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र से कुछ लोग सड़कों पर बेवजह घूमने निकले थे। जिन्हें लाठियां फटकार कर घर के अंदर घुसाया गया। वहीं कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया। एसएसपी का कहना है कि तीन बजे के बाद लोग जरूरतमंद सामान खरीद सकते हैं। वही दूध फल सब्जी सुबह 11 बजे से पहले पहले अपनी कॉलोनी में ही खरीद सकते हैं।