नपा की सीमा में होगा विस्तार, 50 कालोनियों में लगेंगे विकास के पंख
नगर में कई कालोनियां ऐसी हैं जिनको न तो नगरपालिका और न ही ग्राम पंचायत में शामिल किया गया है। इस कारण इन कालोनियों में विकास कार्यो का अभाव है।
बुलंदशहर, जेएनएन। नगर में कई कालोनियां ऐसी हैं, जिनको न तो नगरपालिका और न ही ग्राम पंचायत में शामिल किया गया है। इस कारण इन कालोनियों में विकास कार्यो का अभाव है। अब नगर पालिका क्षेत्र का विकास कर इन कालोनियों को इसमें शामिल किया जाएगा। इससे इन कालोनियों में विकास की उम्मीद जग गई है। विधानसभा में विधायक के इस पर प्रश्न उठाने पर जिला प्रशासन से 90 दिनों में जवाब मांगा गया है।
खुर्जा की लगभग 50 कालोनियां ऐसी हैं, जिनको बसे हुए 30 वर्ष से अधिक का समय बीत चुका है। इसके बाद भी इन कालोनियों को नगरपालिका के क्षेत्र में शामिल नहीं किया गया है। इस कारण ऐसी कालोनियों में विकास कार्यो का अभाव है और वहां पर सड़कें भी ऊबड़-खाबड़ हैं। कालोनियों के लोग इन समस्याओं के समाधान की लगातार मांग करते आ रहे थे लेकिन इस पर कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। अब विधायक विजेंद्र सिंह ने मंगलवार को विधानसभा में नगरपालिका क्षेत्र का विस्तार करने का मुद्दा उठाया और उन कालोनियों के विषय में चर्चा की। उनके इस प्रश्न को शून्य पहर में स्वीकार कर लिया गया। इसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार के अनु सचिव ओम प्रकाश मिश्र ने नगर विकास मंत्री को पत्र भेजकर 90 दिनों में इसका जवाब मांगा है। विधायक ने नगर विकास मंत्री से मुलाकात की और उनके समक्ष भी इस समस्या को उठाया। साथ ही शिकायती पत्र सौंपते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई। नगर विकास मंत्री ने जिला प्रशासन से इसका जवाब मांगा है। विधायक का कहना है कि लगभग तीन माह में नगरपालिका के विस्तार को स्वीकृति मिल जाएगी। इससे इन कालोनियों में विकास के पंख लगेंगे।