नहर में मिला साधू का शव, हत्या कर फेंके जाने की आशंका
खुर्जा अपर गंग नहर में शुक्रवार शाम को साधू का शव पड़ा हुआ मिला। साधू की हत्या करके
खुर्जा: अपर गंग नहर में शुक्रवार शाम को साधू का शव पड़ा हुआ मिला। साधू की हत्या करके शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम भेजते हुए शिनाख्त के प्रयास में जुटी है।
खुर्जा देहात क्षेत्र में गांव मूंडाखेड़ा के निकट शुक्रवार शाम को कुछ लोगों ने लगभग 60 वर्षीय साधू का शव अपर गंग नहर में पड़ा हुआ देखा। सूचना मिलने पर थाना खुर्जा देहात पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाया। मृतक के चेहरे पर चोट के निशान थे। जिसके चलते हत्या करके शव नहर में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। शव लगभग 15-20 दिन पुराना होना बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर आसपास के लोगों से पूछताछ करके शव की शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ देहात श्यौपाल सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त के बाद ही मामले में कुछ कहा जा सकता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। चार घंटे के अंतराल पर दो शव मिलने से सनसनी
थाना खुर्जा देहात क्षेत्र के मूंडाखेड़ा स्थित नहर में दोपहर लगभग एक बजे 35 वर्षीय महिला का शव मिला था। जिसकी शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। जिसके चार घंटे बाद लगभग पांच बजे उस स्थान से आधा किलोमीटर की दूरी पर साधू का शव पड़ा हुआ मिला। चार घंटे के अंतराल पर दो शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। कुछ लोगों दोनों शवों का आपस में कनेक्शन होना बता रहे हैं। हालांकि दोनों दोनों मृतकों की आयु में काफी अंतर है और एक शव दस दिन तथा दूसरा शव 20-25 दिन पुराना होना प्रतीत हो रहा है।