शारीरिक दूरी का पालन नहीं करने पर चार व्यापारियों के लाइसेंस निरस्त Bulandshahar News
बुलंदशहर में गुरुवार को नवीन सब्जी मंडी में शाररिक दूरी का पालन न कराने पर चार लोगों के लाइसेंस निरस्त कर दिया गया। एक दिन सब्जी व एक दिन फलों की खरीद-फरोख्त होगी।
बुलंदशहर, जेएनएन। हाईवे स्थित नवीन फल सब्जी मंडी में शारीरिक दूरी का पालन नहीं कराने पर चार आढ़तियों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं। औचक निरीक्षक में मंडी सचिव ने अन्य आढ़तियों को शारीरिक दूरी का पालन नहीं कराने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
औद्योगिक क्षेत्र स्थित नवीन फल सब्जी मंडी में लगातार निर्देशों के बावजूद आढ़ती और किसान, थोक व्यापारी शारीरिक दूरी का पालन नहीं कर रहे हैं। बढ़ती किसानों और थोक व्यापारियों की भीड़ के बाद मंडी समिति ने सोमवार से एक दिन फल व एक दिन सब्जी की मंडी में बिकवाने का निर्णय लिया है, लेकिन इसके बावजूद आढ़तियों द्वारा रेखाएं खिंचवाने के बाद भी शारीरिक दूरी का पालन नहीं करा जा रहा है। गुरुवार सुबह मंडी सचिव वीरेंद्र सिंह चंदेल ने मंडी परिसर का औचक निरीक्षण किया। जहां आढ़तियों की दुकानों पर भीड़ लगी थी और शारीरिक दूरी की बजाय एक दूसरे से लोग सटे खड़े मिले।
मंडी सचिव ने बताया कि शारीरिक दूरी का पालन नहीं करने पर चार आढ़तियों के लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं। साथ ही कुछ लोग मास्क नहीं लगाए हुए थे, जिन्हें मास्क लगाने की चेतावनी दी गई है। मंडी सचिव ने बताया कि यदि कोई भी थोक व्यापारी मंडी में शारीरिक दूरी समेत अन्य जारी निर्देशों का पालन नहीं करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।