अयोध्या फैसले पर नहीं बिगड़ने देंगे कानून व्यवस्था : एडीजी
अयोध्या विवाद पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई पूरी हो चुकी है। माना जा रहा है कि जल्द फैसला आने के मद्देनजर शासन ने प्रदेश के हर जिले में कानून व्यवस्था बनाने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं। बुधवार को पत्रकार वार्ता में नोडल अधिकारी एडीजी राजीव कृष्ण ने कहा कि अयोध्या पर जो भी फैसला आए कानून व्यवस्था को किसी सूरत में नहीं बिगड़ने दिया जाएगा।
बुलंदशहर, जेएनएन। अयोध्या विवाद पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई पूरी हो चुकी है। माना जा रहा है कि जल्द फैसला आने के मद्देनजर शासन ने प्रदेश के हर जिले में कानून व्यवस्था बनाने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं। बुधवार को पत्रकार वार्ता में नोडल अधिकारी एडीजी राजीव कृष्ण ने कहा कि अयोध्या पर जो भी फैसला आए, कानून व्यवस्था को किसी सूरत में नहीं बिगड़ने दिया जाएगा। इसके लिए उन्होंने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। सांप्रदायिक सौहार्द्र बनाने वाले लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। उनकी मदद ली जाएगी। वहीं, माहौल बिगाड़ने वालों को भी चिह्नित करके कार्रवाई की जाएगी।
बुलंदशहर पुलिस का फीडबैक अच्छा मिला
एडीजी ने बताया कि दो दिन तक उन्होंने बुलंदशहर पुलिस का फीडबैक लिया। इस दौरान सिकंदराबाद थाने में जिन पीड़ितों की तहरीर आई हुई थी, उनसे फोन पर बात की। वह संतुष्ट नजर आए। 20-25 पीड़ितों से बात हुई तो वह भी पुलिस के कार्य से संतुष्ट मिले। हालांकि एक-दो संतुष्ट नहीं थे। वहीं, आइजीआरएस और हेल्पलाइन नंबरों पर मिलने वाली शिकायतों की सत्यता की भी जांच की।
एक्सपंज मुकदमे में बताया जाएगा खत्म करने का कारण
एडीजी ने एक सवाल पर बताया कि झूठे मुकदमों को अधिकतर खत्म कर दिया जाता है, लेकिन खत्म करने का कारण नहीं बताया जाता। एसएसपी संतोष कुमार को निर्देश दिए गए हैं कि अब से मुकदमे खत्म करने का कारण लिखित में पीड़ित को बताया जाएगा।